पत्नी से कथित संबंध बना कत्ल की वजह, दो आरोपी गिरफ्तार

0
6

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के मध्य जिले में 19 वर्षीय युवक की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच के मुताबिक मृतक के आरोपी की पत्नी के साथ कथित संबंध इस खूनी वारदात की वजह बने। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज तकनीकी निगरानी और लगातार जांच के जरिए हत्या की गुत्थी सुलझाई। इतना ही नहीं पुलिस की सतर्कता से एक और संभावित हत्या की वारदात भी टल गई।

मध्य जिला पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान एडिशनल डीसीपी प्रशांत चौधरी ने बताया कि 4 नवंबर को प्रसाद नगर थाने को करोल बाग निवासी 19 वर्षीय युवक पर चाकू से हमला किए जाने की सूचना मिली थी। मामले में एफआईआर संख्या 345/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1)/3(5) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को कुणाल उर्फ मुकरी (28) और उसके साथी पीयूष उर्फ मेंटल (22) की कथित संलिप्तता के सुराग मिले। पुलिस के अनुसार, कुणाल की पत्नी और मृतक पिछले करीब तीन महीने से साथ रह रहे थे। इसी बात को लेकर कुणाल के मन में रंजिश और बदले की भावना पैदा हुई, जिसके बाद कथित तौर पर हत्या की साजिश रची गई।

एक और कत्ल रोकने के लिए पुलिस का पहरा

जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि कुणाल अपनी पत्नी की हत्या की योजना बना रहा है। खतरे की गंभीरता को देखते हुए पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में तिलक विहार स्थित महिला के आवास के आसपास चौबीसों घंटे तैनात किया गया। इस सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुलिस आरोपियों की तलाश भी करती रही।आखिरकार संयुक्त टीम ने तिलक विहार तिलक नगर से दोनों आरोपियों को दबोच लिया। कुणाल को 9 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कथित हथियार और स्कूटर भी बरामद किया गया।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

प्रसाद नगर थाना टीम का नेतृत्व निरीक्षक अनुज, एटीओ एवं जांच अधिकारी ने किया। टीम में निरीक्षक सुभाष, एसआई त्रिलोक कुमार, पीएसआई गौरव, हेड कांस्टेबल बलजीत, हेड कांस्टेबल शिवचरण, महिला कांस्टेबल काजल और कांस्टेबल राजेश शामिल रहे।एएटीएस टीम का नेतृत्व निरीक्षक संदीप डबास ने किया। टीम में एसआई अजय, एएसआई संदीप वर्मा, एएसआई अजय यादव, कांस्टेबल पुष्पेंद्र सूर्यवंशी और कांस्टेबल परविंदर शामिल थे। पुलिस के अनुसार कुणाल का वर्ष 2019 में करोल बाग थाने में हत्या के प्रयास से संबंधित मामला भी दर्ज है। पूरी कार्रवाई एसीपी करोल बाग शिवम कुमार के पर्यवेक्षण तथा मध्य जिला डीसीपी रोहित राजबीर सिंह के मार्गदर्शन में की गई। मामले में आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here