‘जोरू का गुलाम’ के डायरेक्टर पर गंभीर आरोप, 4 साल के शोषण के बाद गिरफ्तारी

0
5
Filmmaker Shakeel Noorani arrested
Filmmaker Shakeel Noorani arrested

मुंबई: बॉलीवुड निर्देशक शकील नूरानी को मुंबई पुलिस ने करीब 40 दिनों तक फरार रहने के बाद गिरफ्तार कर लिया है। उन पर 33 वर्षीय अभिनेत्री ने यौन उत्पीड़न, धमकी और ब्लैकमेलिंग के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने आरोपी को बोरीवली हॉलीडे कोर्ट में पेश किया, जहां अदालत ने उसे 12 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया।

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, अभिनेत्री की नूरानी से पहली मुलाकात 2016 में लोखंडवाला में हुए एक अवॉर्ड कार्यक्रम के दौरान हुई थी। इसके बाद निर्देशक ने नई फिल्म की स्क्रिप्ट पर बातचीत के लिए अभिनेत्री को मालवानी स्थित अपने घर बुलाया। FIR में अभिनेत्री ने आरोप लगाया है कि नूरानी ने उन्हें सॉफ्ट ड्रिंक में बेहोशी की दवा मिलाकर पिला दी। कुछ देर बाद जब उन्हें होश आया तो निर्देशक ने उन्हें अपने मोबाइल में एक वीडियो दिखाया। आरोप है कि नूरानी ने वीडियो को सार्वजनिक करने की धमकी देकर अभिनेत्री को पुलिस या परिवार से संपर्क नहीं करने के लिए डराया।

वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप

अभिनेत्री का दावा है कि इसी वीडियो का इस्तेमाल कर नूरानी ने उन्हें लंबे समय तक धमकाया और कथित तौर पर कई बार उनका यौन शोषण किया। शिकायत के अनुसार, यह सिलसिला करीब चार साल तक चला। अभिनेत्री ने यह भी आरोप लगाया कि संबंध बनाने के बाद नूरानी उन्हें बार-बार गर्भनिरोधक गोलियां देते थे। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए इन आरोपों की जांच कर रही है।

40 दिन तक पुलिस से बचता रहा

मामला दर्ज होने के बाद नूरानी करीब 40 दिनों तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहे। मुंबई पुलिस ने उनकी तलाश में लोखंडवाला स्थित उनके बेटे के घर पर भी छापेमारी की, लेकिन आरोपी वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और लोकेशन ट्रैकिंग का सहारा लिया। जांच के दौरान नूरानी के सतारा जिले के मेधा इलाके में मौजूद होने की जानकारी मिली। स्थानीय पुलिस की मदद से मुंबई पुलिस ने एक फार्महाउस से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

वकील ने आरोपों को बताया गलत

नूरानी के वकील विकास सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि उनके मुवक्किल को मामले में झूठा फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि मामला अभी अदालत में विचाराधीन है, इसलिए इस पर ज्यादा टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।

कौन हैं शकील नूरानी?

शकील नूरानी हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के पुराने निर्देशकों में शामिल हैं। उन्होंने 1991 में ‘विष्णु देवा’ से लेकर ‘श्रीमान आशिक’, ‘बड़े दिलवाला’ और गोविंदा-ट्विंकल खन्ना की फिल्म ‘जोरू का गुलाम’ जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here