नोएडा: बाहर नामी ब्रांड की चमकदार पैकिंग भीतर नकली सिगरेट का कारोबार! असली ब्रांड का भरोसा बेचकर लोगों की जेब पर डाका डालने वाले गिरोह का गौतमबुद्धनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना फेस-2 पुलिस ने मशीनों के जरिए नकली सिगरेट को असली ब्रांड की डिब्बियों में पैक कर बाजार में खपाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से तीन पैकिंग मशीनें, 4,940 खाली सिगरेट डिब्बियां, तंबाकू और तस्करी में इस्तेमाल कार बरामद हुई है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि एडिशनल डीसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह की निगरानी में थाना फेस-2 पुलिस टीम ने पुस्ता रोड ककराला के पास घेराबंदी कर संदीप (28) और संदीप उर्फ संजीव उर्फ सन्नी (25) को दबोच लिया। आरोपियों के पास से गोल्ड फ्लेक की 3,500 और कैप्स्टन की 1,440 खाली डिब्बियां बरामद हुईं। इसके अलावा 700 ग्राम खुला तंबाकू, गोल्ड फ्लेक की 128 और कैप्स्टन की 57 सिगरेट तथा डिब्बियों को दोबारा रैप करने वाली तीन मशीनें मिलीं। माल की सप्लाई में इस्तेमाल टोयोटा ग्लैंजा कार भी जब्त की गई।
ऐसे रचते थे धोखाधड़ी का पूरा खेल
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे खाली डिब्बियों में तंबाकू भरकर मशीनों से उनकी दोबारा पैकिंग करते थे। इसके बाद नामी ब्रांड की असली सिगरेट बताकर छोटे दुकानदारों को बेचते और मुनाफा कमाते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य आरोपी और सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार संदीप निवासी रोजा जलालपुर, बिसरख का रहने वाला है, जबकि दूसरा आरोपी संदीप उर्फ संजीव उर्फ सन्नी निवासी गढ़ी चौखंडी, थाना फेस-3 है। पुलिस के अनुसार, दूसरे आरोपी पर बुलंदशहर के पहासू थाने में लूट, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट के तीन मुकदमे दर्ज हैं। मामले में थाना फेस-2 पर मुकदमा संख्या 535/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 349 और ट्रेडमार्क अधिनियम की धारा 104 में अभियोग दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई डीसीपी सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीण रंजन सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस उपायुक्त स्वतंत्र सिंह की निगरानी में थाना फेस-2 पुलिस टीम ने की। पुलिस का कहना है कि नकली सिगरेट के इस कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।










