नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. बता दें, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. इसी चेतावनी के साथ ओडिशा और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों के दौरान तेज बारिश होने की संभावना है, जबकि कई राज्यों में आंधी और बिजली गिरने का भी अलर्ट है.
ओडिशा-छत्तीसगढ़ में भारी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, 23 से 26 अगस्त के बीच ओडिशा में भारी बारिश हो सकती है. वहीं 23 से 25 अगस्त तक छत्तीसगढ़ में भी कई जगहों पर बहुत तेज बारिश की संभावना जताई गई है. इसके अलावा पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में 23 और 24 अगस्त, झारखंड में 23 से 27 अगस्त और बिहार में 24 से 26 अगस्त के बीच भारी बारिश हो सकती है.
उत्तर भारत में भी बदलेगा मौसम
इसके अलावा उत्तर भारत में हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 23 अगस्त को बारिश का अनुमान है. उत्तराखंड में 23 से 29 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 से 25 अगस्त के बीच कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. वहीं पूर्वी राजस्थान में 23 से 26 अगस्त के दौरान आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
मध्य भारत और पूर्वोत्तर में भी अलर्ट
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. छत्तीसगढ़ में 23 से 27 अगस्त, पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अलग-अलग दिनों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट है. विदर्भ में भी 23 से 25 अगस्त के बीच मौसम खराब रह सकता है.
पूर्वोत्तर राज्यों में अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में बारिश के साथ आंधी-बिजली का खतरा है. वहीं नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 23 से 29 अगस्त के बीच कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों से स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.












