कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में 25 वर्षीय युवती की मौत के मामले ने जांच को नया मोड़ दे दिया है. दो दिन पहले आम के बगीचे में उसका शव मिलने के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि युवती करीब छह महीने की गर्भवती थी. हालांकि, उसकी मौत की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लिया है और अब डीएनए जांच से कई सवालों के जवाब तलाशे जाएंगे.
पुलिस के अनुसार, युवती के दो युवकों से प्रेम संबंध थे. इनमें एक गोलू पांडे उसी गांव का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 50 साल बताई जा रही है. दूसरा युवक प्रांजल पड़ोसी गांव का रहने वाला है और उसकी उम्र लगभग 28 साल है. पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. युवती के पिता की शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पुलिस फिलहाल हर पहलू से घटना की जांच कर रही है.
गर्भवती होने के बाद दोनों से शादी की बात कही
बताया जा रहा है कि युवती गर्भवती होने के बाद दोनों युवकों से जिम्मेदारी लेने की बात कर रही थी. वह चाहती थी कि दोनों में से कोई एक उससे शादी करे और होने वाले बच्चे की जिम्मेदारी उठाए. युवती कथित तौर पर दोनों से कहती थी कि उसकी गर्भावस्था के लिए वे जिम्मेदार हैं. हालांकि, पुलिस जांच में अभी यह तय नहीं हुआ है कि उसके पेट में पल रहे बच्चे का पिता कौन था.
परिजनों के मुताबिक, गर्भावस्था को लेकर युवती काफी परेशान थी. वह लोगों से बचकर रहने की कोशिश कर रही थी और समय बढ़ने के साथ उसके लिए गांव में रहना मुश्किल होता जा रहा था. इसी दौरान वह करीब तीन दिन पहले अचानक घर से लापता हो गई. अगले दिन सुबह उसका शव गांव के पास एक आम के बगीचे में मिला. युवती के पिता ने दोनों युवकों पर शक जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और हत्या की आशंका जाहिर की.
मौत की वजह जानने के लिए बिसरा सुरक्षित
घाटमपुर थाना प्रभारी योगेश सिंह के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है. इसलिए आगे की जांच के लिए बिसरा सुरक्षित रखा गया है. इसकी जांच से मौत की वजह पता लगाने में मदद मिल सकती है. पुलिस अब यह जानने की कोशिश कर रही है कि युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या उसकी मौत से पहले उसके साथ किसी तरह की घटना हुई थी.
DNA जांच से खुलेगा बड़ा राज
इस मामले में अब बच्चे का डीएनए परीक्षण कराया जाएगा. इसके बाद बच्चे के डीएनए का मिलान हिरासत में लिए गए दोनों युवकों के डीएनए से किया जाएगा. इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि बच्चे का जैविक पिता कौन है. पुलिस दोनों युवकों से पूछताछ के साथ पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा जांच के नतीजों का भी इंतजार कर रही है. मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने या मौत के लिए कथित रूप से जिम्मेदार होने से जुड़ी धाराओं के तहत भी कार्रवाई की जा रही है. फिलहाल पुलिस डीएनए और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय करेगी.












