पटना: बिहार में अगले चुनाव से पहले JDU ने सीधे Gen Z को टारगेट करने का फैसला किया है। पार्टी अब 20 से 25 साल के युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है। इस पूरी मुहिम की कमान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार संभालते नजर आएंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मानसून खत्म होते ही निशांत फिर से बिहार यात्रा पर निकलेंगे।
निशांत बोले- ‘युवा ही हैं भविष्य’
निशांत कुमार का मानना है कि आज की Gen Z पीढ़ी ने वो बिहार नहीं देखा है जो नीतीश कुमार के सत्ता में आने से पहले था। इसलिए अब युवाओं को विस्तार से बताया जाएगा कि बीते 20 सालों में नीतीश सरकार ने उनके लिए क्या-क्या किया।
उन्होंने साफ कहा है, “आने वाले कल का भविष्य हमारे युवा ही हैं।” इसी वजह से युवा JDU के जरिए जिले-जिले में संवाद किया जाएगा। निशांत ने युवा इकाई को टास्क दिया है कि एक-एक बूथ को केंद्र में रखकर सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया जाए।
स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड से लेकर भत्ता तक: गिनाई जाएंगी उपलब्धियां
Gen Z को साधने के लिए JDU कई अहम आंकड़े और योजनाएं युवाओं के सामने रखेगी। पार्टी बताएगी कि जब बैंकों ने एजुकेशन लोन देने में आनाकानी शुरू की तो नीतीश कुमार ने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की। इसके जरिए हजारों छात्रों को पढ़ाई के लिए मदद मिली।
इसके अलावा छात्रवृत्ति की संख्या बढ़ाई गई। छात्रावासों में रहने वाले छात्रों के लिए राशन की व्यवस्था की गई। सात निश्चय के तहत युवाओं के लिए शुरू की गई योजनाएं, सरकारी नौकरियों की स्थिति और रोजगार के मौके भी गिनाए जाएंगे।
पार्टी युवाओं को “कुशल युवा कार्यक्रम” और “मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता” जैसी योजनाओं की जानकारी भी देगी। मकसद ये है कि परीक्षा की तैयारी कर रहे और स्किल सीखना चाहने वाले छात्रों तक सीधे संवाद हो।
संगठन और सरकार दोनों मोर्चे पर एक्टिव निशांत
निशांत सिर्फ पार्टी स्तर पर ही नहीं, स्वास्थ्य मंत्री के तौर पर भी एक्टिव हैं। बीते कुछ दिनों से वो अस्पतालों का दौरा कर मरीजों और उनके परिजनों से मिल रहे हैं। दवाओं की उपलब्धता से लेकर इलाज की व्यवस्था तक खुद देख रहे हैं।
JDU की रणनीति साफ है – युवाओं से सीधा संवाद करके ये जानना कि वो क्या चाहते हैं। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को ये जिम्मेदारी दी गई है कि वो नीतीश सरकार की उपलब्धियों को Gen Z की भाषा में समझाएं। पार्टी को उम्मीद है कि इस युवा फोकस से JDU आने वाले समय में नए वोटर्स को अपने साथ जोड़ पाएगी।











