भोपाल: कभी-कभी छोटी सी बात भी ऐसा बड़ा विवाद बन जाती है, जिसका अंजाम बेहद गंभीर होता है. मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में टीवी का चैनल बदलने को लेकर शुरू हुआ पति-पत्नी का झगड़ा हिंसक घटना में बदल गया. आरोप है कि गुस्से में पत्नी ने अपने पति पर हंसिए से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
यह घटना भोपाल के छोला मंदिर थाना क्षेत्र की है. पुलिस के अनुसार, मजदूरी करने वाला एक व्यक्ति अपने घर में टीवी देख रहा था. इसी दौरान उसने अपनी पसंद का चैनल लगा दिया. पत्नी को यह बात पसंद नहीं आई और दोनों के बीच बहस शुरू हो गई. कुछ ही देर में कहासुनी बढ़कर तेज विवाद में बदल गई. देखते ही देखते गुस्सा इतना बढ़ गया कि पत्नी ने घर में रखा हंसिया उठाकर पति पर हमला कर दिया.
सिर और गाल पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, हंसिए का वार सीधे पति के सिर और गाल पर लगा, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया. उसके शरीर से काफी खून बहने लगा. घर से शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है.
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही छोला मंदिर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घायल के बयान दर्ज किए. इसके आधार पर आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा.
पहले भी होते थे विवाद
थाना प्रभारी सरस्वती तिवारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि विवाद की वजह टीवी का चैनल बदलना था. उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति मजदूरी करता है और दंपति के दो बच्चे हैं. स्थानीय लोगों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच पहले भी छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी. हालांकि, इस बार विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा और पुलिस कार्रवाई तक पहुंच गया. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.












