नई दिल्ली: ज्योतिष में शनि को न्याय और कर्मफल देने वाला माना जाता है. उनकी चाल में एक बड़ा बदलाव आने वाला है. 27 जुलाई को शनि उल्टी चाल चलने लगेंगे और देवगुरु बृहस्पति की राशि मीन में ऐसा होगा. ज्योतिष में इसे बहुत महत्वपूर्ण घटना माना जाता है क्योंकि इसका सीधा असर कई राशियों पर पड़ेगा. शनि की उल्टी चाल कई राशियों के लिए मुश्किलें बढ़ा देगी, जबकि कुछ को अपनी मेहनत का फल मिलेगा.
उल्टी चाल से साढ़ेसाती का गणित बदलेगा
शनि की उल्टी चाल से साढ़ेसाती का गणित बदलेगा. जब कोई ग्रह उल्टी चाल चलता है, तो वह अपने पिछले घर का भी प्रभाव देने लगता है. अभी शनि मीन राशि में हैं, लेकिन 27 जुलाई को उल्टी चाल चलते ही उनका प्रभाव पिछली राशि कुंभ पर पड़ने लगेगा. इस बदलाव से मकर राशि के लोगों पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा. वे साढ़ेसाती से मुक्त हो चुके थे, लेकिन शनि की उल्टी चाल के कारण उन पर फिर से इसका असर होगा. उन्हें स्वास्थ्य समस्याओं और ज्यादा खर्चों का करना पड़ सकता है. वहीं, कुंभ राशि के लोगों को भी सतर्क रहना होगा क्योंकि उन पर साढ़ेसाती का मुख्य प्रभाव रहेगा.
मकर राशि वालों पर आर्थिक और शारीरिक संकट
शनि के वक्री काल के दौरान मकर राशि के लोगों को धन से जुड़ी बड़ी परेशानियों से जूझना पड़ सकता है. इस अवधि में आपके खर्चों में इतनी अप्रत्याशित बढ़ोतरी होगी कि चाहकर भी आप उन्हें टाल नहीं पाएंगे, जिससे बजट बिगड़ सकता है. शारीरिक रूप से गुप्त रोगों या पुरानी बीमारियों के उभरने की आशंका रहेगी. इसके अलावा, आपको अपनी वाणी पर विशेष नियंत्रण रखना होगा, अन्यथा कार्यस्थल या परिवार में विवाद बढ़ सकते हैं. हालांकि, सकारात्मक पक्ष यह भी रहेगा कि इस दौरान आमदनी के कुछ नए मार्ग खुलेंगे और जीवन में नए रिश्तों की शुरुआत होगी.
किन लोगों को मिलेगा शनिदेव का विशेष आशीर्वाद?
शनि देव केवल कष्ट नहीं देते, बल्कि वे कर्मों के आधार पर उत्तम लाभ भी प्रदान करते हैं. यदि आपने अतीत में पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ कड़ी मेहनत की है और आपको उसका श्रेय नहीं मिला, तो वक्री शनि आपको आपकी मेहनत का पूरा फल दिलाएंगे. यदि आप लंबे समय से किसी झूठे अदालती केस या विवाद में फंसे हैं, तो इस अवधि में आपको न्याय और उससे मुक्ति मिल सकती है.
व्यापारिक लाभ
जो लोग लोहे, मशीनरी, कोयले या तेल के व्यवसाय से जुड़े हैं, उनके लिए यह गोचर भारी मुनाफा लेकर आ सकता है. शनि देव अनुशासन और ईमानदारी पसंद करते हैं. इसलिए इस दौरान जो जातक अनैतिक कार्यों से दूर रहकर पूरी तरह अनुशासित रहेंगे, उन्हें शनि के इस महागोचर से शुभ फलों की प्राप्ति अवश्य होगी.












