दिल्ली में आज मौसम का डबल अटैक, झुलसाती गर्मी के बीच बारिश और तूफानी हवाओं की हो सकती हैं एंट्री

0
11
Delhi Weather
Delhi Weather

नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को राजधानी और आसपास के इलाकों में मौसम करवट बदलेगा. आज धूल भरी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की पूरी संभावना है. इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रहेगा.

दिल्ली में रविवार को रहा उमस भरा दिन

इससे पहले, रविवार को दिल्ली में दिनभर लोग चिपचिपी गर्मी से बेहाल नजर आए. सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक है. वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 0.8 डिग्री बढ़कर 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. राजधानी के रिज इलाके में रविवार को सबसे ज्यादा तपिश रही. जहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सोमवार से शुरू हो रहे बदलाव के बाद अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की कमी आने की उम्मीद है.

गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान ने तोड़ा रिकॉर्ड

एनसीआर के शहरों की बात करें तो गाजियाबाद में रविवार को इस सीजन की सबसे गर्म रात दर्ज की गई. जून के महीने में पहली बार यहां न्यूनतम तापमान 30 डिग्री की सीमा को पार कर 30.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. दिनभर बादल छाए रहने के बावजूद बारिश न होने से उमस चरम पर रही. दूसरी तरफ, गुरुग्राम में रविवार सुबह करीब 10 मिनट तक हल्की बूंदाबांदी हुई. दोपहर में तेज धूप निकलने के बाद शाम को यहाँ फिर से काले बादल छा गए. गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

नोएडा में आगे बढ़ा पारा

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में रविवार को अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. जेवर में यह 38 डिग्री रहा. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले छह दिनों में नोएडा का तापमान बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. आने वाले दिनों में यहाँ तेज धूप के साथ उमस का सामना करना पड़ेगा. प्रदूषण की बात करें तो नोएडा और गाजियाबाद दोनों ही जगहों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से नीचे यानी ‘मध्यम’ श्रेणी में बना हुआ है.

राजस्थान में आंधी-तूफान

राजस्थान में सबसे खराब मौसम रहने की उम्मीद है. पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है. जिसकी रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी का अलर्ट भी जारी किया गया है. लोगों को खुली जगहों से बचने और सुरक्षित जगहों पर रहने की सलाह दी गई है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here