नई दिल्ली: IPL 2026 में लगातार खराब प्रदर्शन के बाद ऋषभ पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी तुरंत प्रभाव से छोड़ दी है। LSG ने शुक्रवार, 29 मई को इस फैसले की पुष्टि करते हुए बताया कि फ्रेंचाइजी ने पंत के अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।
IPL 2025 की नीलामी में लखनऊ ने पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदकर सबको चौंका दिया था। उन्हें टीम की सबसे बड़ी साइनिंग माना जा रहा था।
दो सीजन में नहीं दिला पाए प्लेऑफ का टिकट
कप्तान के तौर पर पंत का दो साल का कार्यकाल बेहद निराशाजनक रहा। उनकी कप्तानी में टीम एक बार भी प्लेऑफ तक नहीं पहुंच पाई। IPL 2026 सीजन में लखनऊ अंक तालिका में सबसे नीचे रही।
टीम 14 में से केवल चार मैच ही जीत सकी। इससे पहले 2025 का सीजन भी खराब रहा था, जहां LSG ने 14 में से सिर्फ छह मुकाबले जीते थे। यानी कप्तान के तौर पर 28 मैचों में पंत को कुल मिलाकर सिर्फ 10 जीत मिलीं।
फ्रेंचाइजी ने जारी किया आधिकारिक बयान
लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपने बयान में कहा, “लखनऊ सुपर जायंट्स औपचारिक रूप से यह घोषणा करना चाहती है कि ऋषभ पंत ने फ्रेंचाइजी के साथ अपनी कप्तानी की जिम्मेदारियों से मुक्त होने का अनुरोध किया है, और फ्रेंचाइजी ने तुरंत प्रभाव से उनके अनुरोध को स्वीकार कर लिया है।”
बल्ले से भी नहीं चला पंत का जादू
कप्तानी के साथ साथ पंत का बल्ला भी इस दौरान खामोश रहा। 2025 में उन्होंने 14 मैचों में सिर्फ 269 रन बनाए। 2026 में प्रदर्शन थोड़ा सुधरा, लेकिन वे 14 मैचों में सिर्फ 312 रन ही बना पाए। बड़े नाम और बड़ी कीमत के हिसाब से यह प्रदर्शन काफी कमजोर माना जा रहा है।
टॉम मूडी ने जताया आभार
LSG के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने माना कि पंत का फैसला स्वीकार करना आसान नहीं था। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी उनके योगदान के लिए आभारी है। प्रेस विज्ञप्ति में मूडी ने कहा, “ऋषभ ने इस अनुरोध के साथ फ्रेंचाइजी से संपर्क किया और हमने सम्मानपूर्वक इसे स्वीकार कर लिया है। ऐसे फैसले लेना कभी आसान नहीं होता। हम उन सभी चीजों के लिए आभारी हैं जो ऋषभ ने कप्तान के तौर पर इस ड्रेसिंग रूम में लाईं। अब हमारा ध्यान सामूहिक प्रयासों पर है। टीम को फिर से बनाने और पुनर्गठित करने पर, ताकि हम बेहतरीन मानकों तक पहुंच सकें।”
IPL 2026 में खराब नतीजों के बाद LSG में बड़े बदलाव के संकेत पहले ही मिल रहे थे। पंत के हटने के बाद अब सबकी नजर नए कप्तान पर होगी। फ्रेंचाइजी आने वाले सीजन के लिए टीम को नए सिरे से तैयार करने की योजना बना रही है।
















