सिद्धारमैया के इस्तीफे की अटकलें तेज, कांग्रेस में हलचल बढ़ी

0
7

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव होने के संकेत मिल रहे हैं. सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कल दोपहर 3 बजे अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं. राज्य में लंबे समय से चल रही सत्ता परिवर्तन की चर्चाओं के बीच अब डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के अगले मुख्यमंत्री बनने की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है.

दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान के साथ हुई लगातार बैठकों के बाद राजनीतिक घटनाक्रम तेजी से बदला है. बताया जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व ने सिद्धारमैया को सत्ता हस्तांतरण के लिए तैयार कर लिया है, ताकि सरकार में बदलाव बिना किसी बड़े विवाद के पूरा किया जा सके.

हाईकमान ने तैयार किया सत्ता परिवर्तन का फॉर्मूला

सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व ने सिद्धारमैया को भविष्य में बड़ी राजनीतिक भूमिका देने का भरोसा दिलाया है. चर्चा है कि उन्हें राज्यसभा सीट, दिल्ली की राजनीति में अहम जिम्मेदारी और उनके समर्थकों को नई सरकार में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने का प्रस्ताव दिया गया है.

इसी के बाद सत्ता परिवर्तन को लेकर सियासी हलचल और तेज हो गई है. माना जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व अब कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने में जुटा है.

आज सीएम को सौंपी जाएगी जाति जनगणना रिपोर्ट

राजनीतिक उठापटक के बीच आज एक अहम घटनाक्रम और होने जा रहा है. पिछड़ा वर्ग आयोग आज शाम 5 बजे जाति जनगणना की रिपोर्ट मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को सौंपेगा.

सिद्धारमैया को इस सर्वे का बड़ा समर्थक माना जाता रहा है. पहले के सर्वे को ठंडे बस्ते में डालने के बाद उन्होंने नए सिरे से जाति जनगणना शुरू कराई थी. ऐसे में इस्तीफे की अटकलों के बीच इस रिपोर्ट का सौंपा जाना राजनीतिक तौर पर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

राज्यपाल से मिलने का मांगा समय

कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आरवी देशपांडे ने दावा किया है कि खुद सिद्धारमैया ने उनसे इस्तीफे को लेकर चर्चा की थी. वहीं खबर है कि मुख्यमंत्री ने राजभवन जाकर राज्यपाल से मिलने का समय भी मांगा है.

सूत्रों के मुताबिक, डीके शिवकुमार के साथ हालिया बातचीत और दिल्ली में हाईकमान की सहमति के बाद सत्ता परिवर्तन की तस्वीर लगभग साफ हो चुकी है. हालांकि, सिद्धारमैया खेमे के कुछ मंत्री और समर्थक अब भी चाहते हैं कि वह मुख्यमंत्री पद पर बने रहें.

बेंगलुरु पहुंच रहे हैं रणदीप सुरजेवाला

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला भी बेंगलुरु पहुंच रहे हैं. आधिकारिक तौर पर उनके दौरे को स्थानीय चुनावों से जोड़ा जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया से भी जोड़कर देखा जा रहा है.

अब सभी की नजर कल दोपहर 3 बजे पर टिकी है, जब यह साफ होगा कि सिद्धारमैया इस्तीफा देते हैं या कर्नाटक की राजनीति कोई नया मोड़ लेती है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here