पंजाब के सरकारी स्कूलों ने रचा रिकॉर्ड, 416 स्कूलों का 12वीं रिजल्ट 100 प्रतिशत

0
11
Punjab Government
Punjab Government

पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में हो रहे बदलावों का असर अब साफ तौर पर दिखाई देने लगा है. पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) की 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में इस बार सरकारी स्कूलों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया रिकॉर्ड बनाया है. राज्य के 416 सरकारी स्कूलों ने 100 प्रतिशत रिजल्ट दर्ज किया है जिसे राज्य सरकार की शिक्षा क्रांति का बड़ा परिणाम माना जा रहा है.

चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 12वीं कक्षा के टॉपर विद्यार्थियों को सम्मानित किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि पंजाब की बेटियां शिक्षा के पुनरुत्थान में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं और लगातार अपनी प्रतिभा से राज्य का नाम रोशन कर रही हैं. मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से मानसा की सुपनीत कौर लुधियाना की सुहानी चौहान और दिवांशी की सराहना की जिन्होंने 500 में से पूरे 500 अंक हासिल कर इतिहास रच दिया.

तीनों छात्राओं को दी नकद पुरस्कार राशि

मुख्यमंत्री ने तीनों छात्राओं को 50-50 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि यह बेहद गर्व की बात है कि तीनों टॉपर छात्राएं राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खिलाड़ी भी हैं. इससे यह साबित होता है कि पंजाब की लड़कियां शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए कहा कि सभी टॉपर साधारण परिवारों से आते हैं और अपनी मेहनत तथा लगन के दम पर सफलता की नई ऊंचाइयों को छूना चाहते हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंजाब सरकार विद्यार्थियों के सपनों को पूरा करने के लिए हरसंभव सहायता और सहयोग प्रदान करेगी.

लड़कियों ने फिर लड़कों को पीछे छोड़ दिया

इस बार के परीक्षा परिणामों में लड़कियों ने एक बार फिर लड़कों को पीछे छोड़ दिया. आंकड़ों के अनुसार, 94.73 प्रतिशत लड़कियों ने परीक्षा पास की जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 88.52 प्रतिशत रहा. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राज्य में महिलाओं के बढ़ते सशक्तिकरण और शिक्षा के प्रति जागरूकता का सकारात्मक संकेत है. उन्होंने कहा कि समय ने यह साबित कर दिया है कि लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से कम नहीं हैं. परीक्षा परिणामों के आंकड़ों के अनुसार लगभग 2.65 लाख विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी जिनमें से करीब 2.42 लाख विद्यार्थी सफल हुए। इस तरह कुल पास प्रतिशत लगभग 91.46 प्रतिशत रहा. अमृतसर जिले ने सबसे अधिक 96 प्रतिशत पास प्रतिशत दर्ज किया जबकि मेरिट सूची में पटियाला जिला सबसे आगे रहा जहां सबसे ज्यादा 59 विद्यार्थियों ने स्थान हासिल किया.

सरकारी स्कूलों ने रचा रिकॉर्ड

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मेरिट सूची में शामिल कुल 275 विद्यार्थियों में से 122 विद्यार्थी सरकारी स्कूल से हैं। इसे सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर में हुए सुधार का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाया है, स्मार्ट क्लासरूम तैयार किए गए हैं और शिक्षा व्यवस्था में कई सुधार लागू किए गए हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आ रहा है। कार्यक्रम के दौरान एक छात्रा ने भारतीय वायुसेना में पायलट बनने की इच्छा जताई। इस पर मुख्यमंत्री ने उसे मोहाली स्थित माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट में दाखिला लेने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि यह देश की अपनी तरह की अनूठी आवासीय संस्था है जहां लड़कियों को रक्षा सेवाओं में कमीशंड अधिकारी बनने के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रशिक्षित किया जाता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार का लक्ष्य केवल अच्छे परीक्षा परिणाम हासिल करना नहीं, बल्कि युवाओं को भविष्य के लिए तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में यह बदलाव आने वाले समय में पंजाब को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here