रायपुर: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक ही परिवार के चार लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि चारों की हत्या उस समय की गई, जब वे गहरी नींद में सो रहे थे. सभी शव खून से लथपथ हालत में मिले हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावरों ने धारदार हथियार का इस्तेमाल किया. मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है.
भवंतरा गांव का मामला
यह मामला शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के भवंतरा गांव का बताया जा रहा है. मृतकों की पहचान पीताम्बर कश्यप, मेदनी प्रसाद कश्यप, कुमारी मोगरा और शांति बाई के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार परिवार का मकान निर्माणाधीन था, इसलिए सभी लोग अस्थायी रूप से उसी अधूरे घर में रात को सो रहे थे. बुधवार देर रात यह वारदात हुई, जबकि गुरुवार सुबह लोगों को इसकी जानकारी मिली.
सुबह जब एक मिस्त्री काम के सिलसिले में निर्माण स्थल पर पहुंचा, तो उसने चारों को खाट पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा. करीब जाकर देखने पर उसे खून दिखाई दिया, जिसके बाद उसने तुरंत गांव वालों को सूचना दी. मामला गंभीर होने पर स्थानीय सरपंच को खबर दी गई और फिर पुलिस को घटना की जानकारी पहुंचाई गई. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया.
पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. आशंका है कि अज्ञात हमलावरों ने रात के समय सो रहे परिवार पर हमला किया. पुलिस ने कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही घटना के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है. वरिष्ठ अधिकारियों और एसपी को भी मामले की जानकारी दे दी गई है.
चार लोगों की एक साथ हत्या की खबर से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है. ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है.















