ब्रिटिश युवती की टेक्सास में मौत, पिता पर लगा गोली मारने का आरोप

0
12
US man kills daughter

नई दिल्ली: अमेरिका के टेक्सास से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और बंदूक रखने के अधिकार को लेकर हुई बहस ने हिंसक रूप ले लिया. इस विवाद के कुछ ही घंटों बाद एक पिता ने अपनी ही 23 वर्षीय बेटी को गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ब्रिटेन की रहने वाली लूसी हैरिसन अपने पिता क्रिस हैरिसन से मिलने टेक्सास गई थीं. 10 जनवरी 2025 को डलास के पास उनके सीने में गोली लगने से मौत हो गई. यह मामला एक साल से अधिक समय बाद तब सुर्खियों में आया, जब ब्रिटेन में कोरोनर की जांच शुरू हुई.

ब्रिटेन में शुरू हुई औपचारिक जांच

लूसी हैरिसन की मौत के एक वर्ष से अधिक समय बाद ब्रिटेन में इस मामले की औपचारिक जांच शुरू की गई. नियमों के अनुसार, विदेश में किसी ब्रिटिश नागरिक की अचानक मृत्यु होने पर कोरोनर जांच की जाती है. इसी प्रक्रिया के तहत चेशायर कोरोनर कोर्ट में सुनवाई हुई.

छुट्टियों के दौरान पिता से मिलने गई थीं लूसी

कोर्ट में पेश जानकारी के अनुसार, वारिंगटन की फैशन बायर लूसी हैरिसन अपने बॉयफ्रेंड सैम लिटलर के साथ छुट्टियों के दौरान टेक्सास अपने पिता से मिलने गई थीं. सैम लिटलर ने अदालत को बताया कि लूसी और उनके पिता के बीच शराब और बंदूक रखने के मुद्दे पर अक्सर बहस होती थी.

गोलीबारी से पहले डोनाल्ड ट्रंप को लेकर बहस

घटना वाले दिन, जब दंपति ब्रिटेन लौटने की तैयारी कर रहे थे, उसी सुबह लूसी और उनके पिता के बीच डोनाल्ड ट्रंप को लेकर तीखी बहस छिड़ गई.

स्काई न्यूज के अनुसार, लिटलर ने कहा,”क्रिस और लूसी के बीच काफी बड़ी बहस हो गई, जिसके चलते लूसी गुस्से में ऊपर की मंजिल पर भाग गई.”

उन्होंने अदालत को बताया कि लूसी ने अपने पिता से पूछा था,”अगर मैं उस स्थिति में होती और मेरे साथ यौन उत्पीड़न हुआ होता तो आपको कैसा लगता?”

लिटलर के मुताबिक, क्रिस ने जवाब दिया कि उनकी दो और बेटियां उनके साथ रहती हैं और इससे उन्हें ज्यादा परेशानी नहीं होगी. इस जवाब से लूसी आहत हो गईं और कमरे से बाहर चली गईं.

जोरदार धमाका सुनाई दिया

क्रिस हैरिसन ने अदालत को बताया कि एयरपोर्ट के लिए निकलने से करीब आधे घंटे पहले उन्होंने लूसी का हाथ पकड़ा और उन्हें अपने बेडरूम में ले गए.

लिटलर ने कहा कि वह नीचे मौजूद थे, तभी उन्हें गोली चलने की आवाज सुनाई दी.

उन्होंने पूछताछ के दौरान बताया,”मुझे याद है कि मैं कमरे में भागा और लूसी बाथरूम के प्रवेश द्वार के पास फर्श पर लेटी हुई थी और क्रिस बस चिल्ला रहा था, कुछ बेतुकी बातें कर रहा था,”

आपातकालीन सेवाओं को बुलाया गया, लेकिन लूसी हैरिसन को घटनास्थल पर ही मृत घोषित कर दिया गया. मृत्यु के समय वह फैशन ब्रांड बूहू में कार्यरत थीं.

पिता ने शराब की लत में दोबारा फंसने की बात कही

51 वर्षीय क्रिस हैरिसन पूछताछ में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं हुए, लेकिन उन्होंने एक लिखित बयान सौंपा. उन्होंने कहा कि घटना वाले दिन वे शराब की लत में फिर से फंस गए थे और लगभग पूरी एक बोतल शराब पी ली थी.

अपने बयान में उन्होंने कहा कि वे और उनकी बेटी बंदूक अपराध से जुड़ी एक खबर देख रहे थे. इसी दौरान उन्होंने लूसी से पूछा कि क्या वह उनकी बंदूक देखना चाहेंगी. वे उन्हें अपने बेडरूम में ग्लॉक 9mm बंदूक दिखाने ले गए.

उन्होंने अपने बयान में कहा,”जैसे ही मैंने उसे बंदूक दिखाने के लिए उठाई, अचानक मुझे एक ज़ोरदार धमाका सुनाई दिया. मुझे समझ नहीं आया कि क्या हुआ. लूसी तुरंत गिर पड़ी,”

अदालत में यह भी बताया गया कि क्रिस हैरिसन पहले शराब की लत के इलाज के लिए उपचार ले चुके थे.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here