चांदी की बढ़त से निवेशकों में उत्साह, सोना और तांबे की कीमतों में भी उछाल

0
112
gold-sliver price
gold-sliver price

नए साल 2026 के दूसरे कारोबारी दिन कीमती धातुओं की किमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है. खासतौर पर चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखने को मिला और इसके दाम 2.43 लाख रुपये के पार पहुंच गए. वहीं सोना और कॉपर में भी मजबूती दर्ज की गई है, जिससे निवेशकों में उत्साह का माहौल बना हुआ है. बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्पॉट गोल्ड की बढ़ती मांग और डॉलर इंडेक्स में कमजोरी की वजह से कीमती धातुओं को सपोर्ट मिल रहा है. इसके अलावा चीन द्वारा सप्लाई सीमित रखने के फैसले ने भी चांदी की कीमतों को ऊपर जाने में मदद की है.

चांदी बनी ‘रेयर मेटल’

जानकारों का मानना है कि मौजूदा समय में चांदी धीरे-धीरे रेयर अर्थ मेटल्स की श्रेणी में शामिल होती जा रही है. तकनीकी और औद्योगिक जरूरतों में बढ़ते इस्तेमाल के कारण इसकी मांग तेजी से बढ़ी है, जबकि सप्लाई सीमित बनी हुई है. इसी असंतुलन का सीधा असर कीमतों पर दिख रहा है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबारी सत्र के दौरान चांदी में करीब 7,600 रुपये की तेजी आई और यह 2,43,443 रुपये प्रति किलो के स्तर तक पहुंच गई. सुबह के कारोबार में भी चांदी मजबूती के साथ ट्रेड करती नजर आई.

विदेशी बाजारों में भी चांदी की कीमतों में अच्छा उछाल देखने को मिला. अमेरिकी बाजारों में सिल्वर फ्यूचर और स्पॉट सिल्वर दोनों में तेजी दर्ज की गई. यूरोप और ब्रिटेन के बाजारों में भी चांदी हरे निशान में कारोबार करती दिखाई दी, जिससे ग्लोबल ट्रेंड मजबूत बना हुआ है.

सोने के दाम में भी दिखी मजबूती

चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी बढ़त दर्ज की गई है. MCX पर सोने के दाम में लगभग 1,200 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेजी देखने को मिली और यह दिन के उच्च स्तर तक पहुंच गया. सुबह के सत्र में सोना मजबूत रुख के साथ कारोबार करता नजर आया. अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सोने को सपोर्ट मिला है. अमेरिकी कॉमेक्स बाजार में गोल्ड फ्यूचर और गोल्ड स्पॉट दोनों में अच्छी तेजी देखी गई। वहीं यूरोप और ब्रिटेन के बाजारों में भी सोने की कीमतों में मजबूती बनी रही.

कॉपर की कीमतों में डेढ़ फीसदी से ज्यादा उछाल

औद्योगिक धातु कॉपर भी इस तेजी से अछूता नहीं रहा. MCX पर कॉपर की कीमतों में करीब 1.5 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई. कारोबारी सत्र के दौरान यह अपने दिन के उच्च स्तर तक पहुंचा, जिससे संकेत मिलते हैं कि इंडस्ट्रियल डिमांड में सुधार हो रहा है.

बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में सोना, चांदी और कॉपर तीनों में मजबूती बनी रह सकती है. हालांकि यह तेजी पिछले साल जैसी आक्रामक नहीं होगी, बल्कि सीमित और संतुलित दायरे में देखने को मिल सकती है. निवेशकों को वैश्विक संकेतों और डॉलर की चाल पर नजर बनाए रखने की सलाह दी जा रही है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here