नई दिल्ली: पीएम मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट ने बुधवार को कई बड़े फैसले लिए, जिसमें सबसे खास असम को 2,014 करोड़ रुपये का नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट मिला है। कैबिनेट ने असम के सिलचर में डोलू में नए एयरपोर्ट की मंजूरी दी है। इसके लिए 2,014 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। नया सिलचर एयरपोर्ट मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड और मणिपुर के लिए एक कनेक्टिंग पॉइंट का काम करेगा।
प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट में 12,351 वर्ग मीटर की नई टर्मिनल बिल्डिंग और 2,705 मीटर x 45 मीटर का रनवे होगा। यह पीक टाइम में 800 यात्रियों को और सालाना 1.01 मिलियन यात्रियों को संभालने की क्षमता रखेगा। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 2,014 करोड़ रुपये है और इसका पूरा खर्च एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया अपने आंतरिक संसाधनों से उठाएगी। यह प्रोजेक्ट बराक घाटी और उससे सटे पूर्वोत्तर क्षेत्र को कनेक्टिविटी देगा, जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इससे पूर्वोत्तर क्षेत्र के खराब होने वाले सामान जैसे फल-सब्जियों के कार्गो आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा।
भारत बनेगा क्रेन-बुलडोजर का मैन्युफैक्चरिंग हब
कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारत क्रेन, बुलडोजर और टनल बोरिंग मशीनों का मैन्युफैक्चरिंग हब बनेगा। कैबिनेट ने निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरण विनिर्माण इकोसिस्टम को बेहतर बनाने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी। इस योजना की अवधि आठ साल है, जो वित्त वर्ष 26-27 से वित्त वर्ष 33-34 तक चलेगी। इस योजना में उपकरणों की 7 ऐसी कैटेगरी शामिल हैं, जो पूरी तरह या काफी हद तक आयात की जाती हैं। इनमें टनल बोरिंग मशीनें, ऑफ-हाइवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीनें शामिल हैं।
कामराजार पोर्ट में बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल
कैबिनेट ने कामराजार पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के डेवलपमेंट को भी मंजूरी दी है। जीएसटी मिलाकर इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 4,288.26 करोड़ रुपये है। इस प्रोजेक्ट में 900 मीटर लंबा कंटेनर टर्मिनल बनाने का प्लान है, जिसका डिजाइन ड्राफ्ट 18 मीटर का होगा और सालाना कंटेनर-हैंडलिंग कैपेसिटी 2.0 मिलियन टीईयू होगी।
कैबिनेट ने 1,141 करोड़ रुपये के बजट के साथ पोस्टल ऑपरेशंस स्कीम को जारी रखने की मंजूरी दी है। इस योजना का उद्देश्य डाक नेटवर्क का आधुनिकीकरण करना, पार्सल और डाक सेवाओं को मजबूत करना और ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी को बेहतर बनाना है। कैबिनेट ने डाक विभाग के लिए 1,491 करोड़ रुपये के बजट के साथ एस्टेट्स मैनेजमेंट स्कीम को जारी रखने की भी मंजूरी दी है।











