क्राइस्टचर्च टेस्ट के दूसरे दिन बैकफुट पर आई टीम इंडिया, पहली पारी में गंवाए 6 विकेट

0
5

नई दिल्ली: क्राइस्टचर्च में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम मुश्किल में है। मेजबान टीम के 356 रन के जवाब में भारत ने दूसरे दिन स्टंप तक 6 विकेट पर 116 रन बनाए। टीम इंडिया पहली पारी में अब भी 240 रन पीछे है। हेगले ओवल में भारतीय बल्लेबाज टिक नहीं सके। भारत की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर में मैट हेनरी ने यशस्वी जायसवाल को बिना खाता खोले आउट कर दिया। इसके बाद केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल ने दूसरे विकेट के लिए 33 रन जोड़े। पडिक्कल 21 रन बनाकर काइल जेमिसन की गेंद पर आउट हुए। कप्तान शुभमन गिल भी नहीं टिके। टी ब्रेक से पहले जेमिसन ने उन्हें 17 रन पर पवेलियन भेज दिया।

ऋषभ पंत ने 39 गेंदों में 23 रन बनाए। जैकब डफी की गेंद पर छक्का लगाने के बाद वह बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में कैच दे बैठे। राहुल ने 80 गेंदों में 25 रन बनाए और डफी का शिकार बने। 104 रन पर भारत ने पांचवां विकेट गंवाया। दिन की आखिरी गेंद पर वॉशिंगटन सुंदर भी 10 रन बनाकर आउट हो गए। ध्रुव जुरेल 7 रन बनाकर नाबाद हैं। सुंदर और जुरेल ने छठे विकेट के लिए 91 गेंदों में 12 रन जोड़े। जेमिसन और डफी ने दो-दो विकेट लिए, जबकि हेनरी और नाथन स्मिथ को एक-एक सफलता मिली।

आकाश दीप ने झटके पांच विकेट

न्यूजीलैंड ने सुबह पहली पारी 5 विकेट पर 246 रन से आगे बढ़ाई। दिन के दूसरे ओवर में अंशुल कंबोज ने ग्लेन फिलिप्स को 36 रन पर आउट किया। टॉम ब्लंडेल और नाथन स्मिथ ने सातवें विकेट के लिए 44 रन जोड़े। स्मिथ 26 रन बनाकर आकाश दीप की गेंद पर आउट हुए। ब्लंडेल शतक से चूक गए। उन्होंने 211 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 89 रन बनाए। काइल जेमिसन ने 19 रन जोड़े। मैट हेनरी भी 19 रन बनाकर आकाश दीप की गेंद पर आउट हुए। उनके विकेट के साथ न्यूजीलैंड की पारी 356 रन पर सिमट गई।

लाथम ने बनाए थे 59 रन

पहले दिन टॉम लाथम ने 128 गेंदों में 59 रन बनाए थे। भारत के लिए आकाश दीप सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 31.1 ओवर में 99 रन देकर पांच विकेट लिए। डेब्यू कर रहे गुरनूर बरार और अंशुल कंबोज ने दो-दो विकेट झटके, जबकि वॉशिंगटन सुंदर को एक सफलता मिली। जसप्रीत बुमराह 26 ओवर डालने के बाद भी विकेट नहीं ले सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here