बेंगलुरु के लॉज में 22 साल की नर्सिंग ग्रेजुएट की चाकू गोदकर हत्या, आरोपी बॉयफ्रेंड गिरफ्तार

0
8

नई दिल्ली: बेंगलुरु में नौकरी की तलाश में आई केरल की एक 22 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। कॉटनपेट इलाके के एक लॉज में शुक्रवार सुबह युवती का शव मिला। आरोप है कि उसके चार साल पुराने रिश्ते में रहे दोस्त ने ही विवाद के बाद उस पर चाकू से हमला कर दिया। मृतका की पहचान केरल के अडूर निवासी अनिल कुमार की बेटी गंगा के रूप में हुई है। उसने हाल ही में नर्सिंग की पढ़ाई पूरी की थी और बेहतर नौकरी की उम्मीद लेकर बेंगलुरु पहुंची थी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान 23 वर्षीय गोकुल कृष्णा के रूप में हुई है। वह केरल के कोल्लम जिले के नीलेश्वर का रहने वाला है। गोकुल ने भी बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई की है और वह नर्सिंग में दाखिला लेने के इच्छुक छात्रों को कॉलेजों में एडमिशन दिलाने का काम करता है। बताया जा रहा है कि वह गंगा को नौकरी तलाशने में मदद करने के लिए उसके साथ केरल से बेंगलुरु आया था।

चार साल से रिलेशनशिप में थे दोनों

पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, यह वारदात 27 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे OTC रोड स्थित रीजेंसी लॉज में हुई। गंगा और गोकुल पिछले करीब चार साल से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध था। दोनों लॉज में ठहरे हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान गोकुल ने गंगा पर चाकू से कई वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल युवती की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस कर रही है हत्या की वजह की जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गंगा पर हमला करने के बाद आरोपी ने खुद लॉज के मैनेजर को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मैनेजर ने पुलिस को फोन किया। सूचना मिलते ही कॉटनपेट पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी गोकुल कृष्णा को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आरोपी को पकड़ लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था और हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। वहीं, दिल्ली के शकरपुर इलाके में भी चाकूबाजी की एक घटना सामने आई है। यहां मामूली कहासुनी के बाद 17 वर्षीय नौशाद की हत्या कर दी गई। इस मामले में थाना सुभाष प्लेस पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा है, जिनमें दो नाबालिग शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here