खिलाने-पिलाने के बहाने घर से बुलाया, सुबह नहर में मिली लाश, बक्सर में हत्या के बाद 6 घंटे बवाल

0
3

नई दिल्ली: स्थानीय थाना क्षेत्र के मनिया गांव के पास पश्चिम चौसा लाइन मुख्य नहर में शुक्रवार सुबह एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान दुल्फा गांव निवासी करीब 30 साल के ब्रजेश कुशवाहा उर्फ गोल्डन के रूप में हुई है। शव मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।मृतक की मां देवंती देवी का आरोप है कि गुरुवार शाम को तीन-चार लोग उनके घर आए थे। वे इकलौते बेटे ब्रजेश को खिलाने-पिलाने के बहाने अपने साथ ले गए। मां का कहना है कि उन लोगों ने बेटे को नशा खिलाया और फिर उसकी हत्या कर दी। इस आरोप के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही धनसोई पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की बारीकी से जांच की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

रात में चली थी चिकन-शराब की पार्टी

ग्रामीणों के मुताबिक, ब्रजेश को बुलाने के बाद गांव में उसके दालान पर देर रात तक चिकन-शराब की पार्टी चली थी। इस पार्टी में करीब आधा दर्जन लोग शामिल थे। चर्चा है कि इसी दौरान किसी को बाइक से छोड़ने जाने के समय यह घटना हुई। पुलिस को घटनास्थल से आलू-प्याज जैसे किराना सामान और तीन-चार जोड़ी चप्पलें मिली हैं। पुलिस इन सभी चीजों की जांच कर रही है।

शव रखकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने नहर पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि वरीय अधिकारी मौके पर आएं और दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। प्रदर्शन की वजह से काफी देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ गौरव पाण्डेय ने लोगों को समझाया। उन्होंने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया और 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग शांत हुए। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका।

एक साल पहले खोली थी मैकेनिक की दुकान

मृतक ब्रजेश ने करीब एक साल पहले धनसोई थाना मोड़ के पास बाइक मैकेनिक की दुकान खोली थी। दुकान नहीं चलने पर उसने ट्रैक्टर खरीद लिया था। इसके बाद वह खेती और मिट्टी भराई का काम करने लगा था। ब्रजेश के परिवार में पत्नी सबिता देवी, पांच साल का बेटा और चार साल की बेटी है। बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मां देवंती देवी बार-बार दोषियों को सजा दिलाने की मांग कर रही हैं। पुलिस के मुताबिक, मौत के असली कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चलेगा। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। गांव में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here