WhatsApp यूजर्स सावधान! CERT-In ने जारी किया हाई सिक्योरिटी अलर्ट, पुराने वर्जन से लीक हो सकता है डेटा

0
9

नई दिल्ली: WhatsApp का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों यूजर्स के लिए साइबर सुरक्षा से जुड़ी अहम खबर सामने आई है। भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी इंडियन कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम (CERT-In) ने WhatsApp और WhatsApp Business के कई वर्जन में गंभीर सुरक्षा खामियों का पता लगाया है। एजेंसी ने 26 नवंबर को जारी एडवाइजरी में चेतावनी दी है कि इन खामियों का फायदा उठाकर हैकर्स यूजर्स की संवेदनशील जानकारी तक पहुंच सकते हैं। यह खतरा Android, iPhone, Windows और Mac पर ऐप इस्तेमाल करने वालों के लिए है। CERT-In ने अपनी एडवाइजरी CIVN-2026-0576 में WhatsApp के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई सुरक्षा कमजोरियों की जानकारी दी है। इनमें अटैचमेंट स्पूफिंग, SQL इंजेक्शन, सिक्योरिटी सर्टिफिकेट की सही जांच नहीं होना और AI रिस्पॉन्स मैसेज के वेरिफिकेशन में कमी जैसी समस्याएं शामिल हैं। इन तकनीकी खामियों के कारण साइबर अपराधी ऐप की सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावित कर सकते हैं। सफल साइबर हमले की स्थिति में वे डिवाइस पर खतरनाक कोड चला सकते हैं, संवेदनशील जानकारी हासिल कर सकते हैं और ऐप के डेटा में बदलाव कर सकते हैं।

WhatsApp यूजर्स सावधान!
WhatsApp यूजर्स सावधान! Ai Generated

सरकारी एजेंसी के मुताबिक, WhatsApp के पुराने वर्जन में यह सुरक्षा समस्या सामने आई है। इसका असर केवल स्मार्टफोन तक सीमित नहीं है, बल्कि कंप्यूटर और लैपटॉप पर WhatsApp इस्तेमाल करने वाले यूजर्स भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। CERT-In की एडवाइजरी के अनुसार, Android WhatsApp के 2.26.35.74 और 2.26.17.4 से पुराने वर्जन, Android WhatsApp Business के 2.26.23.70 और 2.26.17.4 से पुराने वर्जन प्रभावित हैं। वहीं, iPhone WhatsApp के 2.26.24.72 और 2.26.15.72 से पुराने वर्जन, iOS WhatsApp Business और Mac Desktop WhatsApp के 2.26.23.72 से पुराने वर्जन में भी यह समस्या हो सकती है। इसके अलावा, Windows WhatsApp के 2.3000.1032164386.258709 से पुराने वर्जन भी प्रभावित बताए गए हैं। ऐसे में Android, iPhone, Mac और Windows पर WhatsApp चलाने वाले यूजर्स को अपने ऐप का वर्जन जांचकर उसे अपडेट करना चाहिए।

मैसेज और अटैचमेंट के जरिए हो सकता है साइबर हमला

CERT-In के अनुसार, साइबर अपराधी खास तरीके से तैयार किए गए मैसेज, अटैचमेंट या URL के जरिए इन सुरक्षा खामियों का फायदा उठा सकते हैं। अगर किसी प्रभावित डिवाइस पर इस तरह का हमला सफल होता है तो निजी जानकारी के उजागर होने और ऐप के डेटा से छेड़छाड़ का खतरा हो सकता है। एजेंसी ने इन कमजोरियों को हाई सीवियरिटी श्रेणी में रखा है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि हर WhatsApp यूजर का अकाउंट हैक हो चुका है। खतरा मुख्य रूप से प्रभावित पुराने वर्जन से जुड़ा है।

ASUS के सॉफ्टवेयर में भी मिली गंभीर खामी

CERT-In ने सिर्फ WhatsApp ही नहीं, बल्कि ASUS के कुछ सॉफ्टवेयर प्रोडक्ट्स में भी गंभीर सुरक्षा कमजोरियों की पहचान की है। इनमें ASUS Control Center Express, Control Center Datacenter, Control Center Enterprise और Armoury Crate शामिल हैं। एजेंसी के मुताबिक, इन खामियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी ऑथेंटिकेशन को बायपास कर सकते हैं और प्रभावित सिस्टम पर एडमिनिस्ट्रेटर अधिकार हासिल कर सकते हैं। इस खतरे को एजेंसी ने क्रिटिकल श्रेणी में रखा है।

WhatsApp यूजर्स कैसे रखें अपना डेटा सुरक्षित?

CERT-In ने यूजर्स और संगठनों को सलाह दी है कि वे अपने डिवाइस में संबंधित सुरक्षा अपडेट जल्द से जल्द इंस्टॉल करें। इसके लिए स्मार्टफोन यूजर्स Google Play Store या Apple App Store पर जाकर WhatsApp का लेटेस्ट वर्जन चेक करें और ऐप को अपडेट रखें। कंप्यूटर और लैपटॉप पर WhatsApp इस्तेमाल करने वाले लोग भी इसका नया वर्जन इंस्टॉल करें। इसके अलावा, अनजान नंबरों से आने वाले संदिग्ध लिंक और अटैचमेंट खोलने से बचें। WhatsApp Business यूजर्स को भी ऐप अपडेट करना चाहिए। वहीं, ASUS के प्रभावित सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल करने वाले लोगों को आधिकारिक सुरक्षा अपडेट इंस्टॉल करने की सलाह दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here