हत्या के मामले में फरार आरोपी सुजीत कुमार को लाया गया भारत; इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस ने खोली भगोड़े की लोकेशन

0
4

नई दिल्ली: कानून के लंबे हाथ आखिरकार सात समंदर पार बैठे उस आरोपी तक पहुंच ही गए, जो करीब 18 वर्षों से हत्या के एक संगीन मामले में गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था। केरल में हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद विदेश में छिपे सुजीत कुमार को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल बिठाकर संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से भारत वापस लाने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। इंटरपोल के रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर यूएई अधिकारियों ने उसे गिरफ्तार किया और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद भारत निर्वासित कर दिया। आरोपी 25 नवंबर 2026 को केरल के कोच्चि पहुंचा।

पुरानी रंजिश में रची गई थी हत्या की साजिश

मामला अक्टूबर 2008 का है। केरल पुलिस के अनुसार, पुरानी दुश्मनी के चलते सुजीत कुमार और उसके अन्य साथियों ने कथित तौर पर एक गैरकानूनी जमावड़ा बनाया। सभी घातक हथियारों से लैस थे। इसी दौरान सड़क किनारे शिकायतकर्ता से बातचीत कर रहे व्यक्ति पर आरोपियों ने अचानक हमला बोल दिया। हमलावरों ने पीड़ित पर कई वार किए। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसी दिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हत्याकांड के बाद सुजीत कुमार लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचता रहा। मामले में सक्षम अदालत के समक्ष आरोपपत्र भी दाखिल किया जा चुका है।

इंटरपोल के रेड नोटिस से खुला ठिकाना

केरल पुलिस के अनुरोध पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो (एनसीबी) ने इंटरपोल के माध्यम से आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी तलाश तेज हुई। आखिरकार यूएई अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद यूएई ने उसे भारत निर्वासित करने पर सहमति दी।

सीबीआई के समन्वय से पूरी हुई वापसी

सीबीआई के सक्रिय समन्वय से केरल पुलिस की एस्कॉर्ट टीम यूएई पहुंची। वहां आरोपी को भारतीय पुलिस टीम के हवाले किया गया। इसके बाद टीम उसे लेकर 25 नवंबर को कोच्चि पहुंची। इस पूरी कार्रवाई में विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय, सीबीआई और केरल पुलिस के बीच महत्वपूर्ण तालमेल रहा।

भारतपोल से विदेशों में छिपे अपराधियों पर शिकंजा

भारत में इंटरपोल के राष्ट्रीय केंद्रीय ब्यूरो के रूप में सीबीआई देशभर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ भारतपोल के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग को मजबूत कर रही है। सीबीआई के मुताबिक, वर्ष 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से 300 से अधिक वांछित अपराधियों को विदेशों से भारत वापस लाया जा चुका है। इनमें वर्ष 2026 के दौरान अब तक 76 भगोड़े शामिल हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here