मेरठ से संदिग्ध आतंकी उजैद गिरफ्तार, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े तार

0
8

नई दिल्ली: मेरठ में पुलिस ने उजैद कुरैशी नाम के एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि वह पाकिस्तानी गैंगस्टर और आतंकी हैंडलर शहजाद भट्टी के संपर्क में था। एजेंसियों के मुताबिक, वह जम्मू-कश्मीर में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकी मोहम्मद साजिद से भी करीब छह महीने से ऑनलाइन बातचीत कर रहा था। जम्मू-कश्मीर पुलिस लगभग 10 महीने से उसकी तलाश कर रही थी।

उजैद मेरठ के कोतवाली थाना क्षेत्र के बनियापाड़ा का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह पाकिस्तानी मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करने वाले कई लोगों के संपर्क में था। पुलिस कार्रवाई की भनक लगने पर वह परिवार के साथ घर पर ताला लगाकर चला गया था। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसके घर पर नोटिस चस्पा कर उसे बाहु कोर्ट थाने में पेश होने, बयान दर्ज कराने और जांच में सहयोग करने को कहा था।

साजिद के व्हाट्सएप ग्रुप से मिला सुराग

इस मामले में मोहम्मद साजिद की गिरफ्तारी अहम कड़ी है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उसे 27 नवंबर 2025 को पकड़ा था। एजेंसियों के अनुसार, वह सेना पर फिदायीन हमला करने की तैयारी कर रहा था। साजिद के पिता असलम के सीआरपीएफ में तैनात होने की बात भी सामने आई है। जांच के दौरान साजिद के व्हाट्सएप ग्रुप में उजैद समेत मेरठ के कई युवकों के जुड़े होने की जानकारी मिली। पुलिस के मुताबिक, उजैद ने ग्रुप में मेरठ से जुड़ी कुछ सूचनाएं साझा की थीं। वह साजिद से कहता था कि वह भी फिदायीन हमला करने के लिए तैयार है। साजिद जम्मू के बठिंडी इलाके में रहकर NEET की तैयारी कर रहा था। पूछताछ में उजैद का नाम आने के बाद एजेंसियों ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी।

कपड़ों का कारोबार करता था परिवार

बताया गया है कि उजैद और उसके पिता कपड़ों का कारोबार करते थे और उसका जम्मू-कश्मीर आना-जाना भी रहता था। सोमवार शाम मेरठ पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद ATS और इंटेलिजेंस ब्यूरो ने उससे पूछताछ की। साजिद पर युवाओं को कट्टरपंथ की ओर ले जाने और आतंकी गतिविधियों में शामिल करने के आरोप हैं।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि जम्मू-कश्मीर पुलिस को उजैद की लंबे समय से तलाश थी। उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके मुताबिक, गिरोह 14 से 18 साल के लड़कों को निशाना बनाता था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, उजैद इस गिरोह का मास्टरमाइंड है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here