नई दिल्ली: एनवीडिया के मुख्यालय में सोमवार को कंपनी के सह-संस्थापक जेनसन हुआंग दोबारा सीईओ और अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने पहुंचे। कैलिफोर्निया के सांता क्लारा स्थित कार्यालय में कर्मचारियों ने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने सर्वसम्मति से उन्हें दोनों पदों पर फिर नियुक्त किया है। एनवीडिया के रिसर्च उपाध्यक्ष मिंग-यू लियू ने सोशल मीडिया पर इस मौके का वीडियो साझा किया। इसमें हुआंग कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए कहते सुनाई दिए कि उन्हें दूसरा मौका देने के लिए सभी का शुक्रिया। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार वह पहले से बेहतर सीईओ बनकर दिखाएंगे।
हुआंग की वापसी कंपनी में हाल ही में हुए एक नाटकीय घटनाक्रम के बाद हुई है। खबरों के मुताबिक, निजी संबंधों को लेकर लगे आरोपों के बीच उन्होंने पद छोड़ दिया था। इनमें एनवीडिया की दो महिला कर्मचारियों के साथ कथित संबंध और एक ऐसी महिला से जुड़ाव के दावे शामिल थे, जिस पर चीनी जासूस होने का आरोप लगाया गया है। ये आरोप अभी जांच के दायरे में हैं। कंपनी कथित तौर पर एलिस हुआंग के साथ उनके संबंधों की भी स्वतंत्र जांच कर रही है।
The world’s best CEO vows to become even better. https://t.co/0fvBk4icdw
— Ming-Yu Liu (@liu_mingyu) November 23, 2026
बोर्ड ने जताया हुआंग पर भरोसा
हुआंग की बहाली की घोषणा करते हुए बोर्ड ने कहा कि वह मामले में उनकी स्पष्टवादिता से संतुष्ट है। बोर्ड ने वरिष्ठ अमेरिकी सरकारी अधिकारियों से मिले फीडबैक का हवाला देते हुए कहा कि उनकी वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। बोर्ड के अध्यक्ष हार्वे जोन्स ने कहा कि एनवीडिया का नेतृत्व करने के लिए हुआंग सही व्यक्ति हैं। उनकी वापसी शेयरधारकों, कर्मचारियों, साझेदारों और ग्राहकों के हित में है। वहीं, हुआंग ने कहा कि दुनिया की महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकी कंपनियों में से एक का नेतृत्व दोबारा करने का अवसर मिलना उनके लिए सम्मान की बात है।
ट्रंप ने भी वापसी का श्रेय लिया
सीएनबीसी के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि हुआंग की वापसी सुनिश्चित करने में उनकी अहम भूमिका रही। उन्होंने कहा कि उन्होंने एनवीडिया के बोर्ड से बात की और उसे सह-संस्थापक को दोबारा जिम्मेदारी सौंपने के लिए राजी किया। ट्रंप ने इसे अपनी मध्यस्थता का नतीजा बताया। गौरतलब है कि हुआंग पहले भी चीन में एनवीडिया के उन्नत एच200 चिप्स की बिक्री की अनुमति देने के लिए ट्रंप प्रशासन से पैरवी कर चुके हैं।
शेयरों में तेजी, सीनेट में होगी पेशी
हुआंग की वापसी की खबर से एनवीडिया के शेयरों में जबरदस्त उछाल आया। सोमवार को कंपनी का शेयर 31.48 प्रतिशत चढ़ गया। यह 2003 के बाद उसकी सबसे बड़ी एकदिवसीय बढ़त और अब तक का तीसरा सबसे अच्छा कारोबारी सत्र रहा। इससे कंपनी के बाजार मूल्य में एक ही दिन में 952 अरब डॉलर जुड़ गए। कारोबार के दौरान शेयर 36.6 प्रतिशत तक चढ़ा था, लेकिन बाद में कुछ मुनाफावसूली हुई। टेक शेयरों में तेजी के चलते नैस्डैक कंपोजिट 6.51 प्रतिशत और एसएंडपी 500 में 4.73 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। दोनों सूचकांकों के लिए अप्रैल 2025 के बाद यह सबसे बड़ी एकदिवसीय तेजी थी।
हालांकि, हुआंग की वापसी के बाद भी कंपनी की मुश्किलें खत्म नहीं हुई हैं। सीनेट बैंकिंग समिति के अध्यक्ष टिम स्कॉट ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा और चीन के साथ कारोबार को लेकर उठ रहे सवालों पर हुआंग 3 दिसंबर को समिति के सामने पेश होकर गवाही देंगे।












