मथुरा: किसी संभावित हवाई हमले की स्थिति में जान-माल की सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियों को परखने के लिए सोमवार को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड की मथुरा रिफाइनरी में ब्लैकआउट एवं हवाई हमले से बचाव की मॉक ड्रिल आयोजित की गई। नागरिक सुरक्षा विभाग के नेतृत्व में हुए इस अभ्यास में पुलिस, अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एसडीआरएफ, डीडीएमए, सीआईएसएफ और रिफाइनरी के अधिकारियों-कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। अभ्यास के दौरान हवाई हमले का संकेत मिलते ही सायरन बजाया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इसके बाद बम विस्फोट, आग लगने और घायलों को बचाने का सजीव प्रदर्शन किया गया।
पीले और लाल संकेत से किया गया सतर्क
मॉक ड्रिल के तहत सामान्य जनजीवन जैसा माहौल तैयार किया गया था। इसी दौरान नागरिक सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को हॉटलाइन के जरिए हवाई हमले का पीला संकेत मिला। इसका मतलब था कि अगले 10 मिनट में हवाई हमला हो सकता है। इसकी सूचना जिलाधिकारी एवं नागरिक सुरक्षा नियंत्रक सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े कर्मियों को दी गई।
कुछ देर बाद हवाई हमले का लाल संकेत मिला, जिसका अर्थ पांच मिनट के भीतर हमले की आशंका था। इसके बाद दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में सायरन बजाया गया। सायरन सुनते ही लोगों ने अपना कामकाज छोड़कर निर्धारित सुरक्षित स्थानों और शेल्टर में पहुंचना शुरू कर दिया।
बम धमाके और आग लगने का किया गया प्रदर्शन
इसके बाद आसमान में विमानों की गर्जना के बीच अलग-अलग स्थानों पर बम गिरने, तेज धमाकों और आग लगने का काल्पनिक दृश्य तैयार किया गया। कुछ समय बाद नियंत्रण कक्ष से हवाई हमले का खतरा टलने का हरा संकेत मिला। इसकी सूचना दो मिनट तक ऑल क्लियर सायरन बजाकर दी गई।
फायर फाइटर और मेडिकल टीम ने संभाला मोर्चा
खतरा टलने का संकेत मिलते ही नागरिक सुरक्षा की वार्डेन सेवा, अग्निशमन और प्राथमिक उपचार की टीमें सक्रिय हो गईं। वार्डेन सेवा की सूचना पर फायर फाइटर टीमों ने छोटी आग पर काबू पाने का अभ्यास किया। वहीं, फर्स्ट एड टीम ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया।
ऊंची इमारतों में फंसे गंभीर रूप से जले और घायल लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर एंबुलेंस तक पहुंचाया गया। बड़े स्तर पर लगी आग को बुझाने के लिए अग्निशमन विभाग के फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों की स्थिति के अनुसार ट्रायज किया और गंभीर घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पताल भेजने का अभ्यास किया।
डीएम और एसएसपी के निर्देशन में हुआ आयोजन
पूरी मॉक ड्रिल जिलाधिकारी एवं नागरिक सुरक्षा नियंत्रक चंद्र प्रकाश सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार तथा अपर जिलाधिकारी (नगर/प्रशासन) एवं नागरिक सुरक्षा प्रभारी नंद प्रकाश मौर्य के निर्देशन में संपन्न हुई। इसमें मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और नागरिक सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।
इंडियन ऑयल के सीजीएम (एचआर) अभिनव गोस्वामी, रवि भूषण, रजनीश तिवारी, सीआईएसएफ की सहायक कमांडेंट सोमा रानी, रोशन कुमार झा और राजीव कुमार सहित रिफाइनरी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहयोग किया। नागरिक सुरक्षा विभाग की वार्डेन सेवा के डिवीजनल वार्डेन भारत भूषण तिवारी, डिप्टी डिवीजनल वार्डेन राजेश मित्तल समेत वरिष्ठ वार्डनों, स्वयंसेवकों और अन्य कर्मचारियों ने भी सक्रिय भागीदारी की। कार्यक्रम का संचालन तीरथ श्रीवास्तव एवं दीपक बैंकर ने किया। पूरी गतिविधि नागरिक सुरक्षा विभाग के उपनियंत्रक कश्मीर सिंह की देखरेख में संपन्न हुई।
Reported By: Prem Kaushik












