मुठभेड़ में एक बदमाश घायल; 31 मोबाइल और 42 हजार रुपये बरामद, तीन शातिर गिरफ्तार

0
7

नोएडा: मोबाइल फोन छीनकर फरार होने वाले बदमाशों के गिरोह पर थाना सेक्टर-24 पुलिस ने शिकंजा कसते हुए बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को पुलिस ने घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी और छीने गए कुल 31 मोबाइल फोन, 42 हजार रुपये नकद, एक अवैध तमंचा, कारतूस, दो चाकू और वारदात में इस्तेमाल चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने लगे बदमाश

पुलिस के मुताबिक 21 नवंबर को थाना सेक्टर-24 की पुलिस टीम प्रकाश हॉस्पिटल से गंदे नाले के पुल पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन मोटरसाइकिल सवार रुकने के बजाय बाइक मोड़कर आरटीओ कट, सेक्टर-33 की ओर भागने लगे।

भागने की कोशिश में फिसली मोटरसाइकिल, पुलिस पर फायरिंग

संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस टीम ने तत्काल उनका पीछा शुरू कर दिया। पुलिस से बचने की हड़बड़ी में बदमाशों की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर फिसल गई और तीनों सड़क पर गिर पड़े। खुद को पुलिस टीम से घिरा देखकर पीछे बैठे एक बदमाश ने जान से मारने की नीयत से पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी।

जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में लगी गोली

बदमाश की गोलीबारी के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। उसकी पहचान नीरज पुत्र कैलाश, निवासी पप्पू कॉलोनी, साहिबाबाद, गाजियाबाद, उम्र करीब 23 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया।

घेराबंदी कर दो अन्य साथियों को भी दबोचा

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी और घेराबंदी अभियान चलाया। इस दौरान फरार होने की कोशिश कर रहे नीरज के दोनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इनकी पहचान हेमंत उर्फ सनी पुत्र अशोक, निवासी शहीद नगर, थाना शालीमार, गाजियाबाद, उम्र करीब 26 वर्ष तथा गोविंद सिंह उर्फ रिंकू पुत्र मनजीत, निवासी शहीद नगर, थाना शालीमार, गाजियाबाद, उम्र करीब 35 वर्ष के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक अवैध चाकू बरामद किया।

31 मोबाइल फोन और 42 हजार रुपये नकद बरामद

पुलिस की तलाशी में आरोपियों के कब्जे से चोरी और मोबाइल स्नेचिंग के कुल 31 मोबाइल फोन तथा 42 हजार रुपये नकद बरामद हुए। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की जा रही चोरी की एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले ली। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन और नकदी के संबंध में दर्ज शिकायतों तथा अन्य आपराधिक घटनाओं से आरोपियों के तार जोड़कर जांच कर रही है।

आपराधिक नेटवर्क खंगाल रही पुलिस

एडीसीपी नोएडा अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि थाना सेक्टर-24 पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्धों ने रुकने के बजाय भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर उनकी मोटरसाइकिल गिर गई और एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी घायल हुआ, जबकि उसके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपियों के कब्जे से 31 मोबाइल फोन, 42 हजार रुपये नकद, अवैध हथियार और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। साथ ही उनके अन्य संभावित साथियों और वारदातों का पता लगाया जा रहा है।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here