बांके बिहारी मंदिर की LED स्क्रीन पर अचानक चलने लगी वेब सीरीज

0
8

वृंदावन: ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में प्रबंधन की एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। श्रद्धालुओं को ठाकुरजी के दर्शन कराने के लिए लगाई गई एलईडी स्क्रीन पर शनिवार को अचानक वेब सीरीज के दृश्य प्रसारित होने लगे। मंदिर परिसर में दर्शन की जगह वेब सीरीज के दृश्य देखकर श्रद्धालुओं और सेवायतों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्क्रीन को बंद कराया गया। मामले को लेकर मंदिर सेवायत गोस्वामी ने कड़ी आपत्ति जताते हुए शिकायत की है और पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग उठाई है।

दरअसल, ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हाई पावर्ड कमेटी की ओर से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में एलईडी स्क्रीन लगवाई गई हैं। इन स्क्रीन के माध्यम से मंदिर में विराजमान ठाकुरजी के दर्शनों की लाइव स्ट्रीमिंग की जाती है, जिससे भीड़ के चलते मंदिर के भीतर नहीं पहुंच पाने वाले श्रद्धालु भी बाहर से दर्शन कर सकें। शनिवार को मंदिर परिसर में जगमोहन के दाईं ओर लगी एलईडी स्क्रीन पर अचानक लाइव दर्शन के स्थान पर एक वेब सीरीज के कुछ दृश्य प्रसारित होने लगे। कुछ देर तक स्क्रीन पर आपत्तिजनक सामग्री चलने से वहां मौजूद लोगों में खलबली मच गई। मामला संज्ञान में आते ही स्क्रीन को तत्काल बंद कराया गया।

इस घटना पर सेवायत गोस्वामी एवं हाई पावर्ड कमेटी के नामित सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ठाकुर बांके बिहारी मंदिर करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां व्यवस्थाओं में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। मंदिर की मर्यादा और गरिमा के अनुरूप ही प्रत्येक व्यवस्था संचालित होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कमेटी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाई गई एलईडी स्क्रीन की निगरानी जैसी छोटी-छोटी व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त नहीं रख सकती तो ऐसी व्यवस्था का क्या औचित्य है। उन्होंने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

 

Reported By: Praveen Kumar

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here