सना। यमन के होदेइदाह और राजधानी सना में पिछले दो सप्ताह से फंसे 19 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। यमन स्थित भारतीय दूतावास ने रविवार को इस सफल बचाव अभियान की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी नाविक पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनकी भारत वापसी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ज्ञात रहे कि ताजा सैन्य टकराव के कारण वर्ष 2022 में हुए शांति समझौते के टूटने और बड़े युद्ध के दोबारा शुरू होने की आशंका गहरा गई है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए बेहद महत्वपूर्ण लाल सागर और बाब अल-मंदेब जलडमरूमध्य की समुद्री सुरक्षा को लेकर दुनिया भर में चिंता बढ़ गई है।
दूतावास ने मददगारों का जताया आभार
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सभी 19 भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और अपने देश लौट रहे हैं। दूतावास ने इस मुश्किल परिस्थिति में भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने में सहयोग करने वाले सभी संबंधित पक्षों और स्थानीय प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त किया है।
नाव हादसे में बचे 14 भारतीयों की स्थिति स्पष्ट नहीं
यह बचाव अभियान ऐसे समय पूरा हुआ है, जब कुछ दिन पहले यमन के समुद्री तट के पास एक नौका (यॉट) से जुड़ी घटना सामने आई थी। भारतीय मिशन ने 23 अक्टूबर को जानकारी दी थी कि होदेइदाह तट के नजदीक एक नौका पर सवार सभी 14 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। दूतावास ने यह भी बताया था कि मामले की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ संपर्क बनाए रखा गया है।
हूती समूह का दावा: सऊदी बलों ने नौका को बनाया निशाना
इससे पहले अरब मीडिया की रिपोर्टों में हूती विद्रोहियों के प्रवक्ता याह्या सरी के हवाले से दावा किया गया था कि लाल सागर में युकर द्वीप के पास सऊदी बलों ने एक भारतीय नौका को निशाना बनाया था। इस नौका पर सवार 14 भारतीयों को हूती बलों ने बचाया था।
हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि रविवार को सुरक्षित निकाले गए 19 नाविकों के समूह में उस नौका पर सवार 14 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं या नहीं।
सऊदी-हूती तनाव से लाल सागर में बढ़ा संकट
यमन में भारतीय नागरिकों के फंसने की यह घटना क्षेत्र में दोबारा भड़की हिंसा के बीच हुई है। सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच पिछले कुछ दिनों से हमले और जवाबी कार्रवाई तेज हो गई है। एक ओर सऊदी बलों ने हूती मिसाइलों और ड्रोन को हवा में नष्ट करने का दावा किया है, वहीं दूसरी ओर सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन में हवाई हमले किए हैं।
इस बढ़ते सैन्य तनाव ने लाल सागर में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। यह समुद्री मार्ग वैश्विक व्यापार और मालवाहक जहाजों की आवाजाही के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है।












