दिल्ली में शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, सात चोरी की बाइक-स्कूटी बरामद; 7 वारदातों का खुलासा

0
15

नई दिल्ली: राजधानी में दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए शाहदरा जिला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर चोरी के सात दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। आरोपी की पहचान मुस्तकीम उर्फ चोंच (33) निवासी एनएसए कॉलोनी, विश्वास नगर, शाहदरा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से शाहदरा, पूर्वी, पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी जिलों में दर्ज वाहन चोरी के सात मामलों का खुलासा हुआ है।

गुप्त सूचना के आधार पर सीबीडी ग्राउंड में दबोचा

शाहदरा जिला डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को देखते हुए एएटीएस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, घटनास्थलों का निरीक्षण किया और मुखबिरों को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर टीम ने आनंद विहार थाना क्षेत्र के सीबीडी ग्राउंड में घेराबंदी कर मुस्तकीम को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से काले रंग की टीवीएस रेडियॉन मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो चोरी की निकली।

पूछताछ में छह और चोरी के वाहन बरामद

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई अन्य वाहन चोरी की वारदातों में शामिल होने की बात बताई। उसकी निशानदेही पर छह और चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए। इनमें चार होंडा एक्टिवा, एक टीवीएस एनटॉर्क और एक हीरो स्प्लेंडर शामिल हैं। इस तरह पुलिस ने कुल सात वाहन बरामद किए।

चार जिलों के सात मामलों का खुलासा

पुलिस ने बताया कि बरामद वाहनों के आधार पर आनंद विहार, विवेक विहार, कृष्णा नगर, शकरपुर, वेलकम, नंद नगरी और मोती नगर थानों में दर्ज सात ई-एफआईआर का खुलासा हुआ है। ये मामले शाहदरा, पूर्वी, पश्चिमी और उत्तर-पूर्वी जिलों से जुड़े हैं।

पहले से दर्ज हैं 15 आपराधिक मामले

पुलिस के अनुसार, मुस्तकीम फर्श बाजार थाने का घोषित बदमाश (बीसी) है। वह वर्ष 2014 से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ चोरी, मकान में चोरी, लूट, झपटमारी और शस्त्र अधिनियम सहित 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एएटीएस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अनुज कुमार, सहायक उपनिरीक्षक राहुल (टीएसटी), सहायक उपनिरीक्षक अमित कुमार, हेड कांस्टेबल कृष्णपाल, कांस्टेबल क्लेवर और कांस्टेबल अजय शामिल रहे। टीम ने एएटीएस प्रभारी निरीक्षक प्रतीक सक्सेना के नेतृत्व में और सहायक पुलिस आयुक्त ऑपरेशन अवधेश कुमार की निगरानी में कार्रवाई की। पूरे अभियान की निगरानी शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने की।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here