नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर पहचान बनाने वाले एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर को गोलियों से छलनी करने की कथित साजिश पर दक्षिण-पूर्वी जिला पुलिस ने समय रहते पानी फेर दिया। निशाने पर था हजरत निजामुद्दीन इलाके में रहने वाला इन्फ्लुएंसर और पर्दे के पीछे कथित तौर पर सक्रिय था राशिद केबलवाला गिरोह। वारदात को अंजाम देने से पहले ही पुलिस ने दो हथियारबंद आरोपियों और एक नाबालिग को पकड़कर गैंग के मंसूबों पर करारा प्रहार किया। आरोपियों के कब्जे से पांच सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 11 जिंदा कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
डीसीपी विनीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की कार्रवाई
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में डीसीपी दक्षिण-पूर्वी जिला विनीत कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के नेतृत्व में एसीपी लाजपत नगर सिद्धार्थ सिंह और हजरत निजामुद्दीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील राजैन की निगरानी में इंस्पेक्टर दीपक कुमार, एसआई अमित कुमार, चौकी प्रभारी जंगपुरा, एसआई सिकंदर, हेड कांस्टेबल सुरेंद्र और कांस्टेबल राजेंद्र की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस की सतर्कता से संभावित गैंगवार और बड़ी वारदात टल गई।
सुबह 5 बजे शोले वाली गली में पुलिस ने दबोचे संदिग्ध
पुलिस के मुताबिक 19 नवंबर की सुबह करीब 5:10 बजे हजरत निजामुद्दीन बस्ती की शोले वाली गली के पास पुलिस टीम को दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों ने बचने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। तलाशी में अवैध हथियार और कारतूस मिले। पूछताछ और आगे की जांच में एक इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर पर गोलीबारी की कथित योजना का खुलासा हुआ।
एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए मिल रहे थे हमले के निर्देश
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहिल इदरीशी (20) और साद मलिक (22) निवासी गाजियाबाद के रूप में हुई है। इनके साथ गाजियाबाद निवासी एक विधि विवादित किशोर को भी पकड़ा गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर राशिद केबलवाला से जुड़े लोगों के संपर्क में होने और एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए निर्देश मिलने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, हमले के बदले आर्थिक मदद और आगे सहयोग का आश्वासन दिए जाने की भी बात सामने आई है।
मोबाइल में मिले धमकी भरे वीडियो, फॉरेंसिक जांच जारी
जांच के दौरान मोबाइल फोन में राशिद केबलवाला और गिरोह के अन्य सदस्यों के प्रति समर्थन जताने वाले धमकी भरे वीडियो मिलने की बात सामने आई है। आरोप है कि ये वीडियो कथित हैंडलर के निर्देश पर रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया के माध्यम से साझा किए गए थे। पुलिस अब मोबाइल फोन की फॉरेंसिक जांच कर डिजिटल बातचीत और साजिश की कड़ियां जोड़ रही है।
पांच पिस्टल, 11 कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
कार्रवाई में कुल पांच सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल, 11 कारतूस, चार मोबाइल फोन और एक चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की गई। इस संबंध में हजरत निजामुद्दीन थाने में एफआईआर संख्या 250/2026 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इन्फ्लुएंसर की शिकायत पर कथित रंगदारी को लेकर भी गिरोह के खिलाफ मामला दर्ज है।
हथियारों के स्रोत और गैंग नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब हथियारों के स्रोत, कथित गैंग नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और हमले के पीछे के मकसद की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि साजिश में शामिल हर कड़ी को साक्ष्यों के आधार पर बेनकाब किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक इन्फ्लुएंसर साउथ ईस्ट जिले के निजामुद्दीन इलाके में रहता है और उसके 4 से 5 लाख फॉलोअर हैं। बदमाश कथित तौर पर बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उनकी योजना नाकाम कर दी।
Reported By: Pankaj Rai












