CM योगी की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन, पैतृक गांव में ली अंतिम सांस

0
14

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनकी मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पैतृक गांव पंचुर में अंतिम सांस ली। बताया गया है कि वह लंबे समय से बीमार थीं। उनके निधन की पुष्टि पौड़ी के जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने की है। एसएसपी सर्वेश कुमार ने भी इसकी जानकारी दी है।

मां के निधन की खबर मिलने के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक कार्यक्रम में मौजूद थे। वहां 50 हजार छात्रों को टैबलेट बांटे जा रहे थे। सूचना मिलने के बाद भी उन्होंने कार्यक्रम जारी रखा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, योगी आदित्यनाथ मां के अंतिम दर्शन के लिए पौड़ी पहुंच सकते हैं। हालांकि, उनके दौरे को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पंचुर गांव में ही हुआ सावित्री देवी का निधन

पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार के मुताबिक, सावित्री देवी की तबीयत लंबे समय से खराब थी। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टर को घर पर भी बुलाया गया था। इसी दौरान पंचुर गांव स्थित आवास पर उनका निधन हो गया। जिला सूचना अधिकारी योगेश पोखरियाल ने भी इसकी पुष्टि की है। उनके अंतिम संस्कार को लेकर अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, खबरों में शनिवार को अंतिम संस्कार किए जाने की संभावना जताई जा रही है। इसकी तारीख और समय को लेकर औपचारिक बयान का इंतजार है।

योगी आदित्यनाथ कई मौकों पर अपनी मां से मिलने गांव जाते रहे हैं। करीब दो साल पहले सावित्री देवी को ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था। उस समय मुख्यमंत्री उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे और उनका हालचाल जाना था।

पिता के निधन पर लॉकडाउन के कारण नहीं पहुंच सके थे

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का 20 अप्रैल 2020 को निधन हुआ था। वह 89 साल के थे। दिल्ली के एम्स में मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण उनकी मौत हुई थी। उस समय कोरोना महामारी के चलते देशभर में लॉकडाउन लागू था। प्रतिबंधों की वजह से योगी आदित्यनाथ अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे। बता दें कि योगी आदित्यनाथ सात भाई-बहन हैं और परिवार में उनका नंबर पांचवां है। उनका परिवार पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचुर गांव में रहता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here