नशे की लत ने बनाया वाहन चोर, कट्टा लेकर घूम रहा था शातिर बदमाश

0
14

नई दिल्ली: नशे की जरूरतें पूरी करने के लिए वाहन चोरी का रास्ता चुनने वाले एक शातिर बदमाश के मंसूबों पर जामिया नगर पुलिस ने पानी फेर दिया। पुलिस ने 22 वर्षीय नौशाद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चार चोरी के दोपहिया वाहन, एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी की गिरफ्तारी से आठ वाहन चोरी और एक आर्म्स एक्ट का मामला सुलझाने का दावा किया गया है।

सीसीटीवी फुटेज से शुरू हुई तलाश

दक्षिण-पूर्वी जिले के डीसीपी विनीत कुमार ने बताया कि जिले में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों को गंभीरता से लेते हुए जामिया नगर थाने की वाहन चोरी निरोधक टीम को बदमाशों की धरपकड़ का जिम्मा सौंपा गया। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर खुफिया जानकारी जुटाई।

गुप्त सूचना पर बिछाया जाल

18-19 नवंबर की रात पुलिस को नौशाद के बारे में गुप्त सूचना मिली। टीम ने ओखला विहार में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के नीचे छापा मारकर उसे टीवीएस जुपिटर स्कूटी के साथ दबोच लिया। जांच में स्कूटी चोरी की निकली। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस भी मिला।

निशानदेही पर खुला चोरी का खजाना

पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तीन अन्य चोरी के वाहन बरामद किए। इनमें पैशन प्रो, हीरो मेस्ट्रो स्कूटर और हीरो स्प्लेंडर शामिल हैं। इस तरह कुल चार वाहन पुलिस के हाथ लगे।

नशे की लत और हथियार का खुलासा

पुलिस के मुताबिक नौशाद ने पूछताछ में बताया कि वह नशे का आदी है और अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए जामिया नगर, शाहीन बाग और सनलाइट कॉलोनी में चोरी करता था। वह अपने साथी इंतकाब उर्फ गूंगा के साथ वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी ने बताया कि उसने इंतकाब से छह हजार रुपये में कट्टा और कारतूस खरीदा था। इंतकाब अभी फरार है।

पुलिस टीम की अहम भूमिका

इस कार्रवाई में एसआई सुनील, हेड कांस्टेबल रामकिशोर, विक्रम, राजेश, सुमित, योगेश और कांस्टेबल मनीष शामिल रहे। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी के मार्गदर्शन और एसीपी न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी की निगरानी में हुई। पुलिस फरार साथी की तलाश और अवैध हथियार के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।

आठ मामलों का खुलासा, आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार नौशाद जोगाबाई एक्सटेंशन, जामिया नगर का निवासी है और आठवीं तक पढ़ा है। उसके खिलाफ पहले भी दो आर्म्स एक्ट और एक साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here