नई दिल्ली: ढोल-नगाड़ों की थाप और शहनाइयों की गूंज के साथ देशभर के बाजारों में भी रौनक बढ़ने वाली है। आगामी विवाह सीजन भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए बड़ा कारोबारी अवसर लेकर आ रहा है। 21 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक देशभर में करीब 52 लाख शादियां होने का अनुमान है। इससे लगभग 7.50 लाख करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घरेलू बाजार के लिए अब तक के सबसे बड़े कारोबारी अवसरों में शामिल हो सकता है। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल ने बताया कि यह अनुमान 25 राज्यों के 300 से अधिक व्यापारिक नेताओं और 550 प्रमुख व्यापारिक संगठनों के सर्वेक्षण के आधार पर तैयार किया गया है।
आभूषण, कपड़े और होटल कारोबार में आएगी तेजी
इस विवाह सीजन में करीब 4.05 लाख करोड़ रुपये का कारोबार वस्तुओं की बिक्री से और 3.45 लाख करोड़ रुपये सेवाओं से आने की उम्मीद है। आभूषण, कपड़े, साड़ियां, मिठाइयां, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, खानपान, होटल, बैंक्वेट हॉल, सजावट, फोटोग्राफी और परिवहन जैसे क्षेत्रों में कारोबार बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में 2.50 लाख करोड़ के कारोबार का अनुमान
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में करीब पांच लाख शादियां होने की संभावना है। इससे लगभग 2.50 लाख करोड़ रुपये का कारोबार हो सकता है। चांदनी चौक, सदर बाजार, करोल बाग, गांधी नगर, लाजपत नगर और शाहदरा जैसे प्रमुख बाजारों में शादी की खरीदारी को लेकर रौनक बढ़ने की उम्मीद है।
शादी सीजन में 1.25 करोड़ रोजगार के अवसर
कैट के मुताबिक, इस विवाह सीजन में देशभर में करीब 1.25 करोड़ अस्थायी और मौसमी रोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। कैट के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया, राष्ट्रीय चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल और राष्ट्रीय संयुक्त महामंत्री सुमित अग्रवाल ने इसे घरेलू व्यापार, स्वदेशी उत्पादों और आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने वाला बड़ा अवसर बताया।
Reported By: Pankaj Rai












