‘किसान दिवस’ में अधिकारी पहुंचे, किसान नदारद, एक घंटे में सिर्फ एक शिकायत, जिला पंचायत सभागार में किसानों के लिए खाली रहीं कुर्सियां

0
13

मुज़फ़्फ़रनगर: मुज़फ़्फ़रनगर में किसानों की समस्याएं सुनने और उनका समाधान करने के लिए आयोजित किसान दिवस में बुधवार को हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला। कलेक्ट्रेट स्थित जिला पंचायत सभागार में अधिकारी तो निर्धारित समय पर पहुंच गए, लेकिन जिन किसानों के लिए यह आयोजन किया गया था, उनकी कुर्सियां खाली रहीं। किसान दिवस शुरू होने के करीब एक घंटे तक सभागार में किसानों की मौजूदगी न के बराबर रही। इस दौरान महज एक किसान अपनी शिकायत लेकर पहुंचा।

कम भागीदारी से आयोजन की उपयोगिता पर सवाल  

आपको बता दें कि हर महीने आयोजित होने वाले किसान दिवस में किसानों की इतनी कम भागीदारी ने आयोजन की उपयोगिता और किसानों के साथ प्रशासन के संवाद को लेकर सवाल खड़े कर दिए। किसान दिवस का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सुनना, संबंधित विभागों के अधिकारियों के माध्यम से उनका समाधान कराना और शिकायतों पर कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इसके बावजूद बुधवार को सभागार में अधिकारियों की मौजूदगी के बीच किसानों की कुर्सियां खाली दिखाई दीं।

किसानों की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी

ऐसे में सवाल उठने लगे कि क्या किसानों की समस्याएं वास्तव में समाप्त हो गई हैं या फिर किसान दिवस से उनका भरोसा कम होता जा रहा है? जब किसानों की शिकायतें सुनने के लिए अधिकारी एक जगह मौजूद थे, तब किसानों की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बन गई। करीब एक घंटे तक इंतजार के बाद भी सिर्फ एक किसान का शिकायत लेकर पहुंचना आयोजन की वास्तविक भागीदारी पर सवाल खड़ा करता रहा।

एडीएम ने कहा- शिकायतों पर कार्रवाई हो रही है

इस संबंध में एडीएम प्रशासन देश दीपक सिंह ने कहा कि अधिकारी लगातार किसानों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। किसानों की ओर से मिलने वाली शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने संभावना जताई कि शायद इसी वजह से अब किसानों को अपनी समस्याएं लेकर किसान दिवस में आने की जरूरत महसूस नहीं हो रही है। एडीएम ने स्पष्ट किया कि किसान दिवस के आयोजन की तारीख और समय पहले से निर्धारित हैं। प्रत्येक महीने तय तारीख और समय पर इसका आयोजन किया जाता है।

Reported by: Rohit 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here