
नई दिल्ली: आज 18 नवंबर को आंवला नवमी मनाई जा रही है। इसे अक्षय नवमी भी कहते हैं। कार्तिक महीने की नवमी तिथि को यह त्योहार आता है और हिंदू धर्म में इसका बहुत महत्व है। आज के दिन लोग भगवान विष्णु की पूजा करते हैं और आंवले के पेड़ की भी पूजा होती है। कहा जाता है कि आज के दिन पूजा-पाठ और दान करने से कई गुना ज्यादा पुण्य मिलता है। इसलिए लोग सुबह से ही पूजा की तैयारी में लग जाते हैं और घर में भी एक अलग ही रौनक देखने को मिलती है।
पंचांग के हिसाब से नवमी तिथि आज सुबह 6 बजकर 4 मिनट से शुरू हुई है और ये कल यानी 19 नवंबर सुबह 7 बजकर 5 मिनट तक रहेगी। उदया तिथि के हिसाब से व्रत आज ही रखा जा रहा है। आज पूजा के लिए कई शुभ मुहूर्त हैं, आप अपनी सुविधा के हिसाब से पूजा कर सकते हैं। सुबह 6:46 से 8:06 बजे तक लाभ चौघड़िया है, सुबह 8:06 से 9:26 बजे तक अमृत चौघड़िया है और सुबह 10:46 से दोपहर 12:06 बजे तक शुभ चौघड़िया है। शाम को 4:06 से 5:26 बजे तक फिर से लाभ चौघड़िया है, शाम 7:06 से रात 8:46 बजे तक शुभ चौघड़िया है और रात 8:46 से 10:26 बजे तक अमृत चौघड़िया है।
आंवला नवमी की पूजा विधि
पूजा की विधि भी बहुत आसान है। सुबह जल्दी उठकर नहा लें और साफ कपड़े पहन लें। सबसे पहले सूर्य देव को जल चढ़ाएं। फिर भगवान विष्णु की विधि-विधान से पूजा करें। उन्हें पीले फूल, चंदन, भोग और तुलसी दल चढ़ाएं। घी का दीपक जलाएं और विष्णु जी के मंत्रों का जाप करें। आखिर में आरती करें। इसके बाद आंवले के पेड़ की पूजा करें। पेड़ के सामने पूर्व दिशा की तरफ मुंह करके बैठें। सबसे पहले जड़ में जल और दूध चढ़ाएं। फिर रोली, अक्षत, फल और मिठाई चढ़ाएं। पेड़ के तने पर कच्चा सूत लपेटते हुए 7 या 11 बार परिक्रमा करें। फिर दीपक जलाकर अक्षय नवमी की कथा पढ़ें। कई जगहों पर पूजा के बाद परिवार के साथ आंवले के पेड़ के नीचे बैठकर खाना खाने की परंपरा भी है, जो बहुत ही अच्छी लगती है।
दान का महत्व और आंवले के पेड़ की पूजा क्यों
आज के दिन दान का भी बहुत महत्व है। अपनी हैसियत के हिसाब से गरीबों और जरूरतमंदों को अन्न, कपड़े और पैसे दान करें। अनाज और गर्म कपड़े देना भी बहुत शुभ माना जाता है। कहा जाता है कि श्रद्धा से किया गया दान जीवन में शुभ फल देता है। अब सवाल ये है कि आंवले के पेड़ की पूजा क्यों होती है। मान्यता है कि आंवले के पेड़ में भगवान विष्णु का वास होता है, इसलिए इस दिन इस पेड़ की पूजा की जाती है। लोग पेड़ के पास दीपक जलाते हैं और परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। ये भी कहा जाता है कि अक्षय नवमी का संबंध सतयुग की शुरुआत से है, इसलिए आज का दिन और भी खास हो जाता है।










