नई दिल्ली: हिंदू धर्म शास्रों और पौराणिक कथाओं में देवी-देवताओं से जुड़े कई ऐसे प्रसंग मिलते हैं, जो आज लोगों को हैराम कर देते हैं। इनमें श्राप की कथाएं सबसे खास मानी जाती हैं। कई बार देवताओं ने असुरों और मनुष्यों को श्राप दिया, तो कई बार खुद देवताओं को ही श्राप का सामना करना पड़ा। क्या आप जानते हैं कि पौराणिक कथाओं में तीन ऐसे देवताओं का जिक्र मिलता है, जिन्हें उनकी अपनी पत्नियों ने ही श्राप दिया था? इनमें शनिदेव , भगवान ब्रह्मा और सुर्य देव का नाम शामिल है। आइए जानते हैं इन तीनों से जुड़ी रोचक कथाएं।
शनिदेव को पत्नी ने क्यों दिया श्राप?
पौराणिक कथा के अनुसार, शनिदेव की पत्नी का नाम धमिष्ठा या मांदा बताया जाता है। कहा जाता है कि शनिदेव बचपन से ही भगवान श्रीकृष्ण के परम भक्त थे और हमेशा उनकी भक्ति में लीन रहते थे। ब्रह्म पुराण में बताया गया है कि एक बार विवाह के बाद शनिदेव की पत्नी पुत्र प्राप्ति की इच्छा से उनके पास पहुंचीं। उस समय शनिदेव श्रीकृष्ण के ध्यान में इतने मग्न थे कि उन्हें पत्नी के आने का पता ही नहीं चला। काफी देर तक इंतजार करने के बाद उनकी पत्नी निराश और गुस्से से भर गईं।
इसके बाद उन्होंने शनिदेव को श्राप दे दिया कि आज से वे जिस किसी को भी अपनी दृष्टि से देखेंगे, उसका विनाश हो जाएगा। मान्यता है कि इसी श्राप के कारण शनिदेव की दृष्टि को अशुभ माना जाता है। यही वजह है कि शनिदेव हमेशा अपनी नजरें नीचे करके रखते हैं।
भगवान ब्रह्मा को माता सावित्री ने क्यों दिया श्राप?
पद्म पुराण के अनुसार, एक बार पुष्कर में भगवान ब्रह्मा ने एक बड़ा यज्ञ रखा था। यज्ञ के नियम के मुताबिक, इसमें पत्नी का साथ होना जरूरी था। कथा के अनुसार, शुभ मुहूर्त निकलता देख ब्रह्माजी ने गायत्री से विवाह कर लिया और उनके साथ यज्ञ शुरू कर दिया। कुछ देर बाद जब माता सावित्री वहां पहुंचीं, तो उन्होंने ब्रह्माजी के साथ दूसरी स्त्री को बैठे देखा। यह देखकर वे बेहद क्रोधित हो गईं और उन्होंने श्राप दे दिया कि संसार में कहीं भी ब्रह्मा की पूजा नहीं होगी।
मान्यता है कि इसी श्राप की वजह से भगवान ब्रह्मा के मंदिर बहुत कम मिलते हैं। राजस्थान के पुष्कर में स्थित ब्रह्मा मंदिर को उनका प्रमुख मंदिर माना जाता है।
सूर्य देव को पत्नी छाया ने क्यों दिया श्राप?
पौराणिक कथाओं के अनुसार, सूर्य देव की दो पत्नियां थीं, संज्ञा और छाया। शनिदेव माता छाया के पुत्र माने जाते हैं। कहा जाता है कि सूर्य देव का अपने पुत्र शनि के साथ व्यवहार अच्छा नहीं था। वे शनि के स्वभाव से नाराज रहते थे। एक दिन सूर्य देव ने शनिदेव और उनकी माता छाया को घर से अलग कर दिया और उन्हें कुंभ राशि में रहने के लिए भेज दिया।
अपने पुत्र और खुद के साथ हुए इस व्यवहार से माता छाया बहुत दुखी और क्रोधित हो गईं। इसके बाद माता छाया ने सूर्य देव को कुष्ठ रोग होने का श्राप दे दिया। मान्यता है कि इस श्राप के असर से सूर्य देव को कुष्ठ रोग हो गया था। बाद में भगवान यमराज की आराधना के बाद उन्हें इस रोग से मुक्ति मिली।
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. JBT इसकी पुष्टि नहीं करता है.











