मथुरा में 17.05 लाख मतदाताओं की ड्राफ्ट सूची जारी, 16 दिसंबर तक दावे-आपत्तियों का मौका

0
12

मथुरा: विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मंगलवार को जिले की एकीकृत प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन कर दिया गया। ड्राफ्ट मतदाता सूची में जिले के कुल 17.05 लाख मतदाता शामिल हैं। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सूची की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने और विवरण में संशोधन कराने की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए निर्धारित समय में दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अपील की।

चार जनवरी को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची

जिलाधिकारी ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में बहुजन समाज पार्टी के योगेंद्र सिंह, कांग्रेस के मुकेश धनगर, समाजवादी पार्टी के वीरेंद्र यादव और भाजपा के आकाश चौधरी को मतदाता सूची की प्रतियां सौंपी गईं। डीएम ने कहा कि पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, शुद्ध और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए विशेष शिविर

मतदाता सूची में नाम शामिल कराने और संशोधन की सुविधा के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वा सकेंगे। वहीं, अपात्र या मृतक मतदाताओं के नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम, पता या अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरने की सुविधा मिलेगी। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से शिविरों में पहुंचकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सूची की प्रत्येक प्रविष्टि की शुद्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

ड्राफ्ट सूची में 18,438 युवा और 14,253 दिव्यांग मतदाता

जिले की अनुमानित आबादी 32,89,678 है। इसके सापेक्ष वर्तमान ड्राफ्ट मतदाता सूची में 17.05 लाख मतदाता दर्ज हैं। आंकड़ों के अनुसार अनुमानित जनसंख्या के आधार पर ईपी रेशियो 57.61 है, जबकि वर्तमान मतदाता सूची के अनुसार यह 51.84 है। इसी तरह अनुमानित जनसंख्या के आधार पर जेंडर रेशियो 863 और वर्तमान सूची के अनुसार 832 है। ड्राफ्ट सूची में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 18,438 युवा मतदाता शामिल हैं, जो अनुमानित आबादी का 0.56 प्रतिशत हैं। इसके अलावा सूची में 14,253 दिव्यांग मतदाता, 85 वर्ष से अधिक आयु के 9,504 वरिष्ठ नागरिक और 9,192 सर्विस मतदाता दर्ज हैं।

जोर पुनरीक्षण के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने के साथ ही सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करने पर रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here