ब्रज की आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ियों तक पहुंचाना जरूरी: योगी

0
9

मथुरा: पद्मश्री संत रमेश बाबा को श्रद्धांजलि देने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बरसाना स्थित माताजी गौशाला पहुंचे। यहां आयोजित श्रद्धांजलि सभा में मुख्यमंत्री ने संत रमेश बाबा के जीवन और उनके सेवा कार्यों को याद करते हुए कहा कि भारत की सनातन संस्कृति ऋषि और कृषि प्रधान रही है। इन दोनों परंपराओं को जोड़ने का काम गौ माता करती हैं। संत रमेश बाबा ने अपना संपूर्ण जीवन गौ सेवा, गौ रक्षा और ब्रज की संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समर्पित कर दिया।

संत रमेश बाबा की विरासत को आगे बढ़ाने का भरोसा 

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रमेश बाबा ने ब्रजभूमि को कृष्णमय और राधामय बनाने के साथ ही आने वाली पीढ़ियों के लिए एक ऐसी विरासत तैयार की है, जिसे सदैव याद रखा जाएगा। उनके विचारों और सेवा कार्यों को आगे बढ़ाना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि संत रमेश बाबा द्वारा शुरू किए गए कार्यों को आगे बढ़ाने में वह हरसंभव सहयोग के लिए तैयार हैं।

समाधि पर पुष्प अर्पित कर गौ पूजन किया  

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाराज जी के देह त्यागने की सूचना मिलने के बाद उन्होंने दो बार बरसाना आने का कार्यक्रम बनाया था, लेकिन किन्हीं कारणों से यहां पहुंचना संभव नहीं हो सका। उनके मन में लगातार यह भाव था कि जिस संत ने अपना पूरा जीवन गौ सेवा, गौ रक्षा, संरक्षण और संवर्धन के लिए समर्पित कर दिया, उनकी स्मृतियों को नमन करना चाहिए। मंगलवार को बरसाना पहुंचकर उन्होंने संत रमेश बाबा की समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद गौशाला में विधि-विधान से गौ पूजन किया।

सनातन परंपराओं के संरक्षण में संत का योगदान  

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रमेश बाबा ने भारतीय विरासत, संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण के लिए आजीवन कार्य किया। ब्रज की आध्यात्मिक पहचान को मजबूत करने और यहां राधा-कृष्ण की भक्ति धारा को जन-जन तक पहुंचाने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपने सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को ऐसी धरोहर सौंपी है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना आवश्यक है।

निशुल्क डायलिसिस सेंटर का उद्घाटन

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने माताजी गौशाला परिसर में संचालित श्यामलक्ष्मी अस्पताल के निशुल्क डायलिसिस सेंटर का उद्घाटन किया। सेंटर शुरू होने से जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने इसे मानव सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए संत रमेश बाबा के सेवा भाव को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

भाजपा बैठक के दौरान बरसाना पहुंचे मुख्यमंत्री  

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ फरह के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय योजना बैठक में शामिल होने आए थे। इसी दौरान वह बरसाना स्थित माताजी गौशाला पहुंचे। श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, योगी बाबा बालकनाथ, मौनी बाबा, पंडित बाबा, संत रमेश बाबा के उत्तराधिकारी ब्रजशरण दास महाराज, मान मंदिर के कार्यकारी अध्यक्ष राधाकांत शास्त्री, सचिव सुनील सिंह और कैबिनेट मंत्री के प्रतिनिधि नरदेव चौधरी सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here