सोना-चांदी फिर धड़ाम, चांदी 6000 रुपये तो सोना 3000 रुपये से ज्यादा सस्ता

0
9

नई दिल्ली: सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बुधवार को बड़ी राहत वाली खबर आई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर कारोबार शुरू होते ही दोनों कीमती धातुओं के भाव धड़ाम से गिर गए। एक झटके में चांदी 6000 रुपये से ज्यादा सस्ती हो गई, तो वहीं सोने की कीमत भी 3000 रुपये प्रति 10 ग्राम से ज्यादा टूट गई।

खुलते ही बिखर गई चांदी

बुधवार को कारोबार शुरू होते ही चांदी की कीमत में बड़ी गिरावट देखने को मिली। मंगलवार को 4 दिसंबर वाली एक्सपायरी की चांदी 1,69,702 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। बुधवार को खुलते ही यह फिसलकर 1,63,533 रुपये प्रति किलो पर आ गई। यानी एक ही झटके में चांदी 6,169 रुपये सस्ती हो गई।चांदी में आई इस गिरावट के बाद यह अपने ऑल टाइम हाई से काफी नीचे आ गई है। बता दें कि 29 जनवरी को वायदा कारोबार में चांदी 4,20,048 रुपये प्रति किलो के ऐतिहासिक स्तर पर पहुंची थी। उस हिसाब से देखें तो अब चांदी अपने हाई से 2,56,515 रुपये प्रति किलो तक सस्ती हो चुकी है।

नवंबर में लगातार टूट रही है चांदी

चांदी में गिरावट का सिलसिला अक्टूबर से ही चल रहा है और नवंबर में भी जारी है। 30 अक्टूबर को पिछले महीने के आखिरी कारोबारी दिन 1 किलो चांदी 1,79,132 रुपये पर बंद हुई थी। 1 नवंबर से 18 नवंबर तक यह फिसलकर 1,63,533 रुपये पर आ गई है। यानी इस महीने अब तक चांदी 15,599 रुपये प्रति किलो सस्ती हो चुकी है। बाजार के जानकारों का कहना है कि वैश्विक बाजार में दबाव और मुनाफावसूली की वजह से चांदी में लगातार गिरावट आ रही है।

सोना भी 3000 रुपये से ज्यादा टूटा

सिर्फ चांदी ही नहीं, सोना भी बुधवार को बुरी तरह टूटा। मंगलवार को MCX पर 4 दिसंबर वाली एक्सपायरी का सोना 1,34,223 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। बुधवार को कारोबार शुरू होते ही यह गिरकर 1,31,065 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। यानी 10 ग्राम सोना 3,158 रुपये सस्ता हो गया।

नवंबर महीने में सोने की गिरावट की रफ्तार भी चांदी जैसी ही नजर आ रही है। पिछले महीने के आखिरी कारोबारी दिन 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का वायदा भाव 1,38,485 रुपये था। बुधवार को करीब 2.50 फीसदी की गिरावट के बाद यह 1,31,065 रुपये पर आ गया। इस हिसाब से इस महीने सोना 7,420 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो चुका है।

खरीददारों के लिए मौका

सोना-चांदी की कीमतों में लगातार आ रही गिरावट को बाजार के जानकार खरीदारी के मौके के तौर पर देख रहे हैं। शादी का सीजन चल रहा है, ऐसे में गहनों की खरीदारी करने वालों के लिए यह गिरावट राहत लेकर आई है। हालांकि, विशेषज्ञों का कहना है कि कीमतों में अभी और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है, इसलिए जल्दबाजी में बड़ा निवेश करने से बचना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here