पंजाब द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाया जाएगा- मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान

0
10

चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज कहा कि उनकी सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज का ऐतिहासिक 650वां प्रकाश पर्व बेमिसाल श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाया जाएगा, जिसके तहत 4 से 6 दिसंबर तक खुरालगढ़ में धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागमों के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं।
आज यहां तैयारियों का जायजा लेने के लिए उच्च-स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि महान गुरु जी की शाश्वत शिक्षाओं और क्रांतिकारी दर्शन को घर-घर पहुंचाने के लिए इस ऐतिहासिक दिवस को राज्य स्तरीय समागम के रूप में मनाया जाएगा।

बेगमपुरा के दर्शन से समाज को जोड़ने का अवसर

इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, "श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व केवल एक धार्मिक समागम नहीं है, बल्कि समाज को उनके समानता, मानवता और सामाजिक न्याय के दर्शन से फिर से जोड़ने का एक ऐतिहासिक अवसर है। उनके 'बेगमपुरा' के संकल्प ने एक ऐसे समाज की कल्पना की थी जो भेदभाव, शोषण और असमानता से मुक्त हो, जहां हर व्यक्ति सम्मान, बराबर अधिकारों और अवसरों का आनंद ले सके। पंजाब सरकार महान गुरु जी के लाजवाब योगदान के सम्मान में इस ऐतिहासिक अवसर को मनाने के लिए प्रतिबद्ध है।"

4 दिसंबर से शुरू होंगे तीन दिवसीय धार्मिक समागम

कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इन समागमों की शुरुआत 4 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ से होगी। इसके बाद श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन और दर्शन को दर्शाने वाली प्रदर्शनी, संत सम्मेलन, कथा और कीर्तन दरबार, 3-डी प्रोजेक्शन, ड्रोन शो और अन्य आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

5 दिसंबर को निकलेगा विशाल नगर कीर्तन

उन्होंने बताया कि 5 दिसंबर को विशाल नगर कीर्तन सजाया जाएगा। इसके बाद श्री गुरु रविदास जी महाराज की बाणी पर विशेष कॉन्फ्रेंस, कथा और कीर्तन दरबार, 3-डी प्रोजेक्शन, ड्रोन शो और अन्य गतिविधियां आयोजित होंगी।

6 दिसंबर को होगा समागमों का समापन

मुख्यमंत्री ने बताया कि 6 दिसंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के भोग के साथ तीन दिवसीय समागमों का समापन होगा। इसके बाद बेगमपुरा समागम, कथा और कीर्तन दरबार, 3-डी प्रोजेक्शन तथा अन्य कार्यक्रम करवाए जाएंगे।

दुनियाभर से आने वाली संगत के लिए होंगे पुख्ता प्रबंध

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, "ये समागम श्री गुरु रविदास जी महाराज की अलौकिक आध्यात्मिक शख्सियत और सर्व-साझा शिक्षाओं को दर्शाएंगे। पूरी योजना और व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे ताकि दुनिया भर से आने वाली संगत पूरी श्रद्धा और सुविधा के साथ इन ऐतिहासिक समागमों में शामिल हो सके।"

चार शहरों से निकाली जाएंगी विशाल शोभा यात्राएं

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने घोषणा की कि संत समाज के मार्गदर्शन में वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से चार विशाल शोभा यात्राएं सजाई जाएंगी। ये धार्मिक यात्राएं 3 दिसंबर को खुरालगढ़ में संपन्न होंगी। इनके माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों की संगतों को श्रद्धा, भाईचारे और सामाजिक सद्भावना का संदेश दिया जाएगा।

शोभा यात्राओं के लिए अधिकारियों को निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन शोभा यात्राओं के लिए पुख्ता प्रबंध, उचित सुविधाएं और सुचारू तालमेल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ये यात्राएं श्री गुरु रविदास जी महाराज की शिक्षाओं की सर्वव्यापकता का प्रतीक होंगी।

सालभर चलेंगे गुरु रविदास जी की शिक्षाओं से जुड़े कार्यक्रम

मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि ये यादगारी समागम केवल खुरालगढ़ तक सीमित नहीं रहेंगे। राज्य सरकार ने श्री गुरु रविदास जी महाराज के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए सालभर चलने वाली गतिविधियों की व्यापक श्रृंखला शुरू की है।

13 हजार गांवों में दिखाई जाएंगी डॉक्यूमेंट्री फिल्में

उन्होंने कहा, "सालभर चलने वाले इन यादगारी समागमों के तहत सेमिनार, वर्कशॉप, विशेष कीर्तन समागम, स्कूल स्तरीय मुकाबले, 13,000 गांवों में डॉक्यूमेंट्री फिल्मों की स्क्रीनिंग, 90 विधानसभा हलकों में ड्रोन शो, मैराथन, रक्तदान कैंप और पौधे लगाने के अभियान चलाए गए हैं। इसका मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी को श्री गुरु रविदास जी महाराज के असाधारण योगदान और क्रांतिकारी दर्शन से परिचित कराना है।"

समानता और भाईचारे का संदेश देता है बेगमपुरा दर्शन

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज का 'बेगमपुरा' दर्शन समानता, स्वाभिमान, भाईचारे और हर तरह के भेदभाव से मुक्त समाज की शाश्वत सोच प्रस्तुत करता है।

गुरु जी की शिक्षाएं आज भी प्रासंगिक

उन्होंने कहा, "श्री गुरु रविदास जी महाराज ने मानवता को ऐसे समाज का क्रांतिकारी मार्ग दिखाया, जहां जाति, नस्ल या सामाजिक रुतबे के भेदभाव के बिना हर व्यक्ति को बराबर अधिकार, सम्मान और अवसर प्राप्त हों। उनकी शिक्षाएं आज भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। महान गुरु जी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके दर्शन को अपने जीवन में धारण करें और समानता वाले समाज के निर्माण के लिए मिलकर काम करें।"

प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार 650वें प्रकाश पर्व को ऐतिहासिक और यादगारी अवसर बनाने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेगी। यह आयोजन श्री गुरु रविदास जी महाराज के प्रति लोगों की सामूहिक आस्था, श्रद्धा और सम्मान को प्रदर्शित करेगा।

पूरी कैबिनेट के साथ समागमों में शामिल होंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार खुद को भाग्यशाली मानती है कि उसे इन यादगारी समागमों के आयोजन और पवित्र अवसर पर सेवा करने का सौभाग्य मिला है। उन्होंने कहा कि ये समागम पूरी धार्मिक श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, "यह प्रकाश पर्व हमें ऐसे समाज के निर्माण के लिए फिर से समर्पित होने का अवसर देता है, जहां हर मनुष्य भेदभाव से मुक्त होकर स्वाभिमान के साथ जी सके। वह अपनी पूरी कैबिनेट के साथ इन समागमों में शिरकत करेंगे और पंजाब की तरक्की तथा लोगों की खुशहाली के लिए श्री गुरु रविदास जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।"

बैठक में कैबिनेट मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस बैठक में कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा, तरुनप्रीत सिंह सौंद, हरदीप सिंह मुंडियां और डॉ. रवजोत, मुख्य सचिव के.ए.पी. सिन्हा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव डॉ. रवि भगत, मुख्यमंत्री के विशेष प्रमुख सचिव कुमार अमित, सूचना एवं लोक संपर्क सचिव पुनीत गोयल सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here