क्या 17 नवंबर को होने वाला है बड़ा ब्लैकआउट? 'द सिम्पसंस' की वायरल क्लिप ने बढ़ाई चिंता

0
9

नई दिल्ली: ‘द सिम्पसंस’ को लेकर सोशल मीडिया पर फिर चर्चा तेज है। वायरल क्लिप में 17 नवंबर की तारीख दिखाई देती है। इसे आधार बनाकर दावा किया जा रहा है कि 17 नवंबर 2026 को दुनिया भर में बिजली और इंटरनेट ठप हो सकते हैं। लेकिन इस दावे की सच्चाई कुछ और है। वायरल वीडियो शो ‘द सिम्पसंस’ के सीजन 35 के एपिसोड ‘इट्स अ ब्लंडरफुल लाइफ’ का है। नवंबर 2023 में प्रसारित इस एपिसोड में स्प्रिंगफील्ड शहर को करीब 60 साल आगे दिखाया गया है। एक दृश्य में लीजा सिम्पसन पुरानी डायरी में ब्लैकआउट का जिक्र करती है। उसी पन्ने पर 17 नवंबर की तारीख नजर आती है।

यूजर्स ने इसे 2026 से जोड़ दिया, लेकिन एपिसोड में न तो इस साल का जिक्र है और न ही दुनिया भर की बिजली बंद होने की भविष्यवाणी की गई है। कहानी काल्पनिक शहर तक सीमित है। क्लिप वायरल होने के बाद एक्स समेत कई प्लेटफॉर्म पर लोगों ने प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ ने इसे भविष्य का संकेत बताया, जबकि कई यूजर्स ने सवाल किया कि जब एपिसोड में 2026 का उल्लेख नहीं है, तो इसे इस साल की भविष्यवाणी कैसे माना जा सकता है। एक्स के AI असिस्टेंट ग्रोक ने भी इसे अफवाह बताया।

अमेरिका में 17 नवंबर को अलर्ट सिस्टम का टेस्ट

अमेरिका में इसी दिन इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम का परीक्षण होना है। अमेरिकी एजेंसी FEMA और फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (FCC) देशभर में रेडियो और टीवी पर टेस्ट संदेश प्रसारित करेंगे। केबल और सैटेलाइट टीवी पर कुछ समय के लिए कार्यक्रम रुक सकते हैं। यह टेस्ट दोपहर 2:20 बजे ईस्टर्न टाइम पर तय है। इसका उद्देश्य आपात स्थिति में लोगों तक चेतावनी पहुंचाने वाली व्यवस्था की जांच करना है। संदेश में साफ होगा कि यह केवल परीक्षण है और लोगों को कोई कार्रवाई नहीं करनी है।

क्या सच में बंद होगी बिजली और इंटरनेट?

सोशल मीडिया पोस्ट में बिजली, इंटरनेट और बैंकिंग सेवाएं बंद होने के दावे किए जा रहे हैं। कुछ पोस्ट में कई दिनों तक अंधेरा छाने की बात भी है। लेकिन इनके समर्थन में कोई भरोसेमंद सबूत नहीं है। अलर्ट सिस्टम का परीक्षण बिजली काटने की तैयारी नहीं है। ‘द सिम्पसंस’ के पुराने दृश्यों को पहले भी बड़ी घटनाओं से जोड़ा गया है। लेकिन सिर्फ एक तारीख और सरकारी टेस्ट के आधार पर दुनिया में ब्लैकआउट की आशंका जताना सही नहीं है। फिलहाल घबराने या अफवाह के कारण जरूरी सामान जमा करने की जरूरत नहीं है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here