नई दिल्ली: चेन्नई में एक सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल को डेटिंग ऐप पर भरोसा करना भारी पड़ गया। 33 साल के इस युवक से एक ठग ने लड़की बनकर दोस्ती की और धीरे-धीरे करीब 27 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से नकली तस्वीरें तैयार कीं। पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए लड़की की आवाज में ऑडियो नोट्स भी भेजे गए। मामले में अवादी साइबर क्राइम पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयकार्तिक राजा (29) और मोनिका (28) के रूप में हुई है। जयकार्तिक तिरुमुल्लवॉयल और मोनिका मायलापुर की रहने वाली है। पुलिस ने उनके पास से दो मोबाइल फोन, दो चेकबुक और सात क्रेडिट-डेबिट कार्ड बरामद किए हैं। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Tinder पर फेक प्रोफाइल बनाकर शुरू की बातचीत
पुलिस के अनुसार, पीड़ित की मुलाकात टिंडर पर ‘मोनिका’ नाम की प्रोफाइल से हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच ऐप पर बातचीत हुई, लेकिन कुछ समय बाद चैट व्हाट्सऐप पर होने लगी। लगातार संपर्क में रहने के कारण युवक को सामने वाली पहचान पर भरोसा हो गया। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर उससे पैसे मांगने शुरू कर दिए। पीड़ित ने कई बार में ऑनलाइन करीब 27 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब पैसों की मांग लगातार जारी रही, तो उसे शक हुआ। जांच करने पर ठगी का पता चला और उसने साइबर पुलिस से शिकायत की।
AI से बनाई तस्वीरें और आवाज
जांच में पुलिस को पता चला कि जयकार्तिक ने ही मोनिका के नाम से फर्जी टिंडर अकाउंट बनाया था। प्रोफाइल को असली दिखाने के लिए उसने AI की मदद से तस्वीरें तैयार कीं। वहीं, मोनिका अपने साथी के कहने पर पीड़ित को ऑडियो नोट भेजती थी, ताकि उसे लगे कि वह किसी महिला से बात कर रहा है। एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी खुद भी एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए मिले थे। साइबर क्राइम इंस्पेक्टर महालक्ष्मी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों को गिरफ्तार किया। इस मामले ने ऑनलाइन डेटिंग में पहचान की पुष्टि और डिजिटल धोखाधड़ी को लेकर चिंता बढ़ा दी है। अनजान व्यक्ति को बिना जांच-पड़ताल ऑनलाइन पैसे भेजने से बचना जरूरी है। फिलहाल मामले की आगे की जांच की जा रही है।











