कानपुर को मिली दिल्ली की नई रफ्तार, दौड़ी कानपुर एक्सप्रेस, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने दिखाई हरी झंडी

0
13

नई दिल्ली/कानपुर: कानपुर और दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी को नई उड़ान मिल गई है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी ने सोमवार को कानपुर सेंट्रल से आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई कानपुर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दैनिक ट्रेन दोनों शहरों के बीच यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और आरामदायक सफर का नया विकल्प देगी।

428 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन में 22 आधुनिक एलएचबी कोच लगाए गए हैं। इसके रास्ते में फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। इससे औद्योगिक क्षेत्रों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। कानपुर के चमड़ा उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों को दिल्ली के बड़े परिवहन केंद्र आनंद विहार से बेहतर संपर्क मिलेगा।

क्रॉसिंग के जाम पर चलेगी विकास की पटरी

रेल मंत्री ने कानपुर को बड़ी सौगात देते हुए अनवरगंज-मंधना के बीच 16 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रेल ट्रैक की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार है और जरूरी मंजूरियां मिल चुकी हैं। जल्द निर्माण शुरू होने की उम्मीद है। इससे दशकों पुरानी रेलवे क्रॉसिंग की जाम समस्या का स्थायी समाधान होगा।

वहीं, प्रस्तावित बुलेट ट्रेन उत्तर कॉरिडोर से दिल्ली-कानपुर का सफर लगभग एक घंटा 45 मिनट में पूरा होने की उम्मीद है। कानपुर सेंट्रल स्टेशन का पुनर्विकास भी तेजी से जारी है। इस मौके पर महापौर प्रमिला पांडेय और सांसद देवेंद्र सिंह भोले सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सांसद रमेश अवस्थी ने नई ट्रेन को कानपुर की खोई प्रतिष्ठा लौटाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

 

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here