मथुरा में सीएम योगी की सुरक्षा के लिए 1000 पुलिसकर्मी तैनात, तीन स्तर का होगा सुरक्षा घेरा

0
12

मथुरा: परखम में आयोजित भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के दिग्गज नेताओं के आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अलीगढ़, मैनपुरी, फिरोजाबाद, हाथरस और आगरा से अतिरिक्त पुलिस बल मथुरा पहुंच चुका है। वहीं, आसमान से होने वाले संभावित खतरे को देखते हुए एंटी ड्रोन टीम भी सक्रिय रहेगी।

16 और 17 नवंबर को होगी भाजपा की चिंतन बैठक

परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो अनुसंधान केंद्र में 16 और 17 नवंबर को भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक आयोजित हो रही है। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ प्रदेश सरकार के मंत्रियों और संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और प्रदेश की सियासी रणनीति को लेकर होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।

तीन स्तर के सुरक्षा घेरे में रहेंगे मुख्यमंत्री योगी

एसएसपी श्लोक कुमार ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल ली है। कार्यक्रम स्थल पर तीन स्तर का सुरक्षा घेरा बनाया गया है। पहले घेरे में मुख्यमंत्री और प्रमुख नेताओं की नजदीकी सुरक्षा रहेगी, जबकि दूसरे और तीसरे घेरे में तैनात पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों, भीड़ और आवागमन पर नजर रखेंगे। सुरक्षा व्यवस्था में मथुरा पुलिस के अलावा पांच अन्य जिलों से आए पुलिसकर्मियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीमें गठित कर उनकी ड्यूटी निर्धारित की गई है।

कार्यक्रम स्थल के रास्तों पर रहेगी पुलिस की निगरानी

कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले सभी मार्गों पर पुलिस की निगरानी रहेगी। बिना जांच किसी को भी सुरक्षा घेरे में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्लान तैयार किया गया है।

एंटी ड्रोन टीम आसमान से रखेगी नजर

इसके अलावा एंटी ड्रोन टीम आसमान से होने वाली गतिविधियों पर नजर रखेगी। अन्य सुरक्षा एजेंसियां भी आपसी समन्वय के साथ निगरानी करेंगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी। बैठक के दौरान सुरक्षा इंतजामों की लगातार समीक्षा की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा।

 

Reported By: Prem Kaushik

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here