नई दिल्ली: लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के महापर्व छठ की छटा राजधानी दिल्ली में पूरी भव्यता के साथ देखने को मिली। इसी पावन अवसर पर दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवहन मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने विकासपुरी स्थित कुंवर सिंह नगर में अपने परिवार के साथ छठ महापर्व मनाया। उन्होंने पूरी श्रद्धा, निष्ठा और पारंपरिक विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को संध्याकालीन अर्घ्य अर्पित किया तथा छठी मैया की पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
पूजा के दौरान वातावरण भक्तिमय नजर आया। सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हुए मंत्री ने लोक आस्था के इस महान पर्व की परंपराओं और सांस्कृतिक महत्व के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। छठ पूजा भारतीय संस्कृति में प्रकृति, अनुशासन, स्वच्छता और पारिवारिक एकजुटता का अनूठा संदेश देती है। यह पर्व समाज में आपसी सद्भाव, समरसता और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करता है।
इस अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर विशेष उत्साह और उल्लास दिखाई दिया। छठी मैया के जयकारों और भक्ति के माहौल ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रंग में सराबोर कर दिया।
Reported By: Pankaj Rai












