नकली IPS का खौफ, 71 लाख की ठगी, डिजिटल गिरफ्तारी का डर दिखाकर महिला को बनाया शिकार

0
15
Delhi Police
JBT/ Pankaj Rai

नई दिल्ली: साइबर अपराधियों ने अब खाकी वर्दी और पुलिसिया रौब को ठगी का हथियार बना लिया है। कभी सीबीआई, कभी पुलिस अधिकारी तो कभी आईपीएस अफसर बनकर लोगों को कानून के शिकंजे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। ऐसा ही एक सनसनीखेज मामला दिल्ली पुलिस की आईएफएसओ इकाई ने सुलझाते हुए 71 लाख रुपये की डिजिटल गिरफ्तारी ठगी में तीन आरोपियों को मध्य प्रदेश के भोपाल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान ठगी की रकम से खरीदे गए तीन नए मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। साथ ही ठगी की रकम को इधर-उधर पहुंचाने वाले फर्जी बैंक खातों के नेटवर्क का भी पर्दाफाश किया है।

मुंबई में तैनात आईपीएस बनकर किया फोन

आईएफएसओ डीसीपी-I गौरव त्यागी ने बताया कि मामले की शुरुआत उस समय हुई, जब पीड़िता को इंटरनेट आधारित वीडियो कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई में तैनात आईपीएस अधिकारी बताया। उसने महिला को डराया कि उसके नाम पर जारी क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल धनशोधन में किया जा रहा है और करीब 6.5 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन हुए हैं। गिरफ्तारी और न्यायिक हिरासत की धमकी देकर ठगों ने महिला को कथित सत्यापन के नाम पर पैसे जमा कराने के लिए मजबूर कर दिया। कानूनी कार्रवाई के डर से पीड़िता ने दो अलग-अलग बैंक लेनदेन में कुल 71 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। इस मामले में 8 अक्टूबर 2026 को थाना स्पेशल सेल में ई-एफआईआर संख्या 167/2026 दर्ज की गई।

बैंक खातों की कड़ियां जोड़कर भोपाल तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए आईएफएसओ दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने पैसों के लेनदेन की गहन जांच शुरू की। बैंक खातों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस ऐसे खातों तक पहुंची, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने और आगे भेजने के लिए किया जा रहा था। लगातार जांच और तकनीकी पड़ताल के बाद भोपाल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 31 वर्षीय महिला, 28 वर्षीय अमन सोनी और अमन सोनी की 30 वर्षीय बहन शामिल हैं।

15 लाख निकाले, मोबाइल खरीदने में भी उड़ाई रकम

जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर अपने बैंक खातों के जरिए ठगी की रकम को आगे पहुंचाने और निकालने में मदद करते थे। करीब 15 लाख रुपये निकालकर आरोपियों और उनके सहयोगियों के बीच बांटे जाने की बात सामने आई है। ठगी की रकम के एक हिस्से से महंगे मोबाइल फोन भी खरीदे गए थे। पुलिस ने ऐसे तीन नए मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

यह कार्रवाई एसीपी आईएफएसओ मनोज कुमार मिश्रा की करीबी निगरानी तथा डीसीपी-I आईएफएसओ गौरव त्यागी के समग्र पर्यवेक्षण में की गई। जांच और गिरफ्तारी अभियान में उपनिरीक्षक सचिन देव दांगी, हेड कांस्टेबल कपिल कुमार तोमर और हेड कांस्टेबल गोल्डी खत्री शामिल रहे। डीसीपी गौरव त्यागी का कहना है कि संगठित साइबर अपराध नेटवर्क की पहचान, ठगी की रकम का पता लगाने और इसमें शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का अभियान जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here