विदेशी भक्तों ने झाड़ू लगाकर की सोहनी सेवा, हरे कृष्ण महामंत्र के बीच निकली श्रीकृष्ण-बलराम की रथयात्रा

0
12

वृंदावन: धर्मनगरी की सड़कों पर शनिवार को भक्ति और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। श्रील प्रभुपाद के तिरोभाव महोत्सव के अवसर पर इस्कॉन मंदिर की ओर से भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की भव्य रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा में शामिल विदेशी भक्तों ने ब्रज की परंपराओं के अनुरूप झाड़ू लगाकर सोहनी सेवा की। विदेशी श्रद्धालुओं का यह अंदाज लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। कोई रथ के आगे रास्ते की सफाई करता नजर आया तो कोई मृदंग और करताल की धुन पर हरिनाम संकीर्तन में झूमता दिखाई दिया।

वैदिक मंत्रोच्चार और संकीर्तन के साथ निकली रथयात्रा

रथयात्रा का शुभारंभ ओमेक्स कॉलोनी के केंद्रीय पार्क से हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान श्रीकृष्ण-बलराम के विग्रह का पूजन किया गया। ठाकुरजी को छप्पन भोग अर्पित करने के बाद फूलों से सुसज्जित रथ में विराजमान कराया गया। इसके बाद भक्तों ने जयकारों और हरे कृष्ण महामंत्र के संकीर्तन के साथ रथयात्रा को आगे बढ़ाया। विदेशी भक्त भारतीय वेशभूषा में तिलक लगाए पूरी श्रद्धा के साथ आयोजन में शामिल हुए।

विदेशी भक्तों ने झाड़ू लगाकर निभाई सोहनी सेवा

रथयात्रा के दौरान विदेशी श्रद्धालुओं की सेवा भावना विशेष आकर्षण रही। उन्होंने रथ के आगे झाड़ू लगाकर मार्ग को साफ किया और ब्रज की सोहनी सेवा परंपरा का निर्वहन किया। संकीर्तन मंडली के साथ चल रहे भक्त कभी नृत्य करते तो कभी भगवान के जयकारे लगाते दिखाई दिए। श्रील प्रभुपाद की शिक्षाओं से प्रभावित होकर देश-विदेश के हजारों लोग कृष्ण भक्ति और वैष्णव परंपरा से जुड़ रहे हैं। रथयात्रा में भी इसका प्रभाव साफ नजर आया।

प्रेम मंदिर से इस्कॉन गोशाला तक पहुंची रथयात्रा

ओमेक्स कॉलोनी से निकली रथयात्रा प्रेम मंदिर होते हुए इस्कॉन मंदिर पहुंची। यहां भगवान की आरती उतारी गई। इसके बाद कार्तिक मास में वृंदावन आए श्रद्धालु भी यात्रा में शामिल होते गए। शाम करीब पांच बजे रथ विद्यापीठ चौराहे पहुंचा। यहां से अटल्ला चुंगी होते हुए परिक्रमा मार्ग के रास्ते इस्कॉन गोशाला पहुंचा। गोशाला में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम को रथ से उतारकर आरती की गई। अंत में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। रथयात्रा के दौरान देशी-विदेशी भक्तों की सहभागिता ने एक बार फिर दिखाया कि कृष्ण भक्ति भौगोलिक सीमाओं से परे है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here