नई दिल्ली: दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में शामिल स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में शनिवार को बड़ा हादसा होने की खबर सामने आई। ईरानी नौसेना के मुताबिक, समुद्र में बिछी बारूदी सुरंगों की चपेट में आने से तीन तेल टैंकरों में आग लग गई। घटना के बाद इलाके में जहाजों की आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है। वहीं, नौसेना की चेतावनी मिलने पर दो अन्य टैंकरों को अपना रास्ता बदलकर वापस लौटना पड़ा।
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार सुबह होर्मुज के पूर्वी हिस्से में एक तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया। इसके बाद दिन में दो और जहाज भी इसकी चपेट में आ गए। ईरान के सरकारी मीडिया ने नौसेना के हवाले से तीनों जहाजों में आग लगने की जानकारी दी। ईरानी सरकारी न्यूज एजेंसी IRNA ने रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की नौसेना के हवाले से बताया कि शाम को प्रभावित हुए दो टैंकर प्रतिबंधित समुद्री क्षेत्र से गुजरने की कोशिश कर रहे थे। ईरान का दावा है कि इन जहाजों ने तय रास्ते के नियमों का पालन नहीं किया। इसी दौरान वे समुद्र में मौजूद बारूदी सुरंगों से टकरा गए और उनमें विस्फोट के बाद आग लग गई।
चेतावनी के बाद लौटे दो जहाज
ईरान के सरकारी टीवी के मुताबिक, शनिवार को दो अन्य तेल टैंकर भी इस समुद्री रास्ते से आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि, ईरानी नौसेना ने उन्हें चेतावनी दी। इसके बाद दोनों जहाजों ने अपना रास्ता बदल लिया और आगे जाने के बजाय फारस की खाड़ी की ओर लौट गए। ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों पर कई पाबंदियां लगा रखी हैं। उसका कहना है कि नियम तोड़ने वाले जहाजों को निशाना बनाया जा सकता है। इस रास्ते पर नियंत्रण को लेकर ईरान का रुख अमेरिका के साथ तनाव के बीच अहम माना जा रहा है।
क्या होती हैं समुद्री बारूदी सुरंगें?
ये पानी के भीतर या समुद्र की सतह के पास रखे जाने वाले विस्फोटक उपकरण होते हैं। इनका मकसद दुश्मन के जहाजों को नुकसान पहुंचाना है। किसी जहाज के संपर्क में आने पर इनमें विस्फोट हो सकता है।
तेल सप्लाई के लिए क्यों अहम है होर्मुज?
ईरान और ओमान के बीच स्थित यह समुद्री रास्ता फारस की खाड़ी को ओमान की खाड़ी से जोड़ता है। सऊदी अरब, इराक, कुवैत, कतर और संयुक्त अरब अमीरात से बड़ी मात्रा में तेल और गैस इसी रास्ते से दुनिया के दूसरे देशों तक पहुंचती है। यहां जहाजों की आवाजाही रुकने से वैश्विक सप्लाई और तेल कारोबार प्रभावित हो सकता है। हालांकि, रॉयटर्स ने टैंकरों के सुरंगों से टकराने और आग लगने की खबरों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की है।












