3 साल बाद भारत आएगा पाकिस्तान का मंत्री, दिल्ली में SCO बैठक में लेगा हिस्सा

0
15

नई दिल्ली: भारत में लंबे अरसे के बाद पाकिस्तान का कोई मंत्री आने वाला है। इस बार वजह राजधानी दिल्ली में होने वाली शंघाई कॉर्पोरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) की बैठक है। तीन साल में पहली बार होगा, जब पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आएगा। भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से तनावपूर्ण माहौल है। पिछले साल हुए ऑपरेशन सिंदूर के समय यह तनाव अपने चरम पर था। ऐसे में इस दौरे को कूटनीतिक लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

कौन आएगा भारत?

एससीओ बैठक के लिए पाकिस्तान अपने क्लाइमेट मिनिस्टर को भारत भेज रहा है। यह बैठक इसी महीने होने वाली है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि एससीओ मीटिंग में पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक हिस्सा लेंगे। पिछली बार मई 2023 में गोवा में हुए विदेश मंत्रियों की एससीओ बैठक में हिस्सा लेने के लिए तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी आए थे। उसके बाद से किसी पाकिस्तानी मंत्री ने भारत का दौरा नहीं किया है।

क्या है एससीओ बैठक?

एससीओ (शंघाई सहयोग संगठन) की बैठक एक अंतरराष्ट्रीय संगठन की बैठक है, जिसमें सदस्य देश आपसी सहयोग, सुरक्षा, आतंकवाद, व्यापार, अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे मुद्दों पर चर्चा करते हैं। एससीओ की स्थापना 15 जून 2001 को चीन के शंघाई में हुई थी। इसका मुख्यालय बीजिंग (चीन) में है। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के बीच आपसी विश्वास बढ़ाना, आतंकवाद और कट्टरपंथ जैसी चुनौतियों से निपटना तथा आर्थिक और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करना है।

अलग-अलग स्तर पर होती हैं बैठकें

इसकी बैठकें अलग-अलग स्तरों पर होती हैं। राष्ट्राध्यक्षों की बैठक को एससीओ शिखर सम्मेलन कहा जाता है, जबकि सदस्य देशों के प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और रक्षा मंत्री भी अलग-अलग बैठकें करते हैं। भारत, चीन, रूस, पाकिस्तान, ईरान, बेलारूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान इसके 10 सदस्य देश हैं। भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके पूर्ण सदस्य बने थे।

एससीओ की बैठकें भारत के लिए खास महत्व रखती हैं, क्योंकि इनमें चीन, रूस और पाकिस्तान जैसे देशों के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा और कूटनीतिक मुद्दों पर चर्चा का अवसर मिलता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here