मुज़फ़्फ़रनगर: मुज़फ़्फ़रनगर के मंसूरपुर थाना क्षेत्र के जड़ौदा गांव में बंद मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने गांव में दो मकानों में नकबजनी की घटनाओं को अंजाम दिया था। उनके कब्जे से 66,300 रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और दो अवैध तमंचे बरामद किए गए हैं। बरामद आभूषणों में पाजेब, मंगलसूत्र, चेन, अंगूठियां, कुंडल, बाली और अन्य जेवर शामिल हैं। CO खतौली रूपाली रॉय चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी देते हुए बताया कि 15 अक्टूबर को जड़ौदा निवासी राधेश्याम और 9 नवंबर को इसी गांव के सनीश के बंद मकान में चोरी हुई थी। दोनों मामलों में मंसूरपुर थाने पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं।
मुखबिर की सूचना पर आरोपियों की गिरफ्तारी
CO के मुताबिक, 12 और 13 नवंबर की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर जड़ौदा से वेरी जाने वाले रास्ते पर सुलेमान की ट्यूबवेल के सामने से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पहचान जीशान, विशु उर्फ पाली, चांद, रवि और गौरव के रूप में हुई है। सभी आरोपी जड़ौदा गांव के रहने वाले हैं और उनकी उम्र करीब 19 से 22 वर्ष बताई गई है।
नकद, आभूषण और अवैध तमंचे बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 66,300 रुपये नकद के अलावा सोने और चांदी की धातु के कई आभूषण बरामद किए हैं। इनमें छह जोड़ी पाजेब, दो मंगलसूत्र, तीन चेन, अंगूठियां, कुंडल, बाली, बिछुए, कड़े, ब्रेसलेट और अन्य जेवर शामिल हैं। इसके अलावा दो .315 बोर के अवैध तमंचे और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, जीशान और विशु उर्फ पाली के खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज है।












