नई दिल्ली: राजधानी में मेहनतकश ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाकर लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का बाहरी जिला की मंगोलपुरी थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो कथित वाहन चोर भाइयों और चोरी के ई-रिक्शा खरीदने वाले उनके रिश्तेदार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक चालक का ई-रिक्शा सहित कुल 10 ई-रिक्शा और 47 औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस को कई अन्य वारदातों से जुड़े अहम सुराग मिलने की भी उम्मीद है।
नशे की चाल से बनाया शिकार
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान बाहरी जिला डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि मामले की शुरुआत 27 अक्टूबर को हुई, जब मंगोलपुरी के बापू पार्क के पास एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया। उसकी पहचान आकाश पुत्र अनिल, निवासी पी-1/84, मंगोलपुरी के रूप में हुई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच में पता चला कि आकाश ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह पी-ब्लॉक मंगोलपुरी रेडलाइट से सुल्तानपुरी के बीच ई-रिक्शा चलाता था। 26 अक्टूबर को काम पर निकले आकाश का शाम करीब पांच बजे मोबाइल फोन बंद हो गया था। पोस्टमार्टम के बाद मंगोलपुरी थाने में प्राथमिकी संख्या 794/2026, बीएनएस की धारा 105 के तहत मामला दर्ज किया गया।
सीसीटीवी से खुला अपराध का राज
मामले की गंभीरता देखते हुए एसीपी मंगोलपुरी अमित इस्सर की निगरानी में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर महेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसआई राहुल, हेड कांस्टेबल अजय, विकास, युधवीर, सुनील राठी और कांस्टेबल सुशील शामिल थे। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी विश्लेषण से मृतक की आवाजाही के रास्तों का पता लगाया। लगातार जांच के बाद पुलिस ने जाफराबाद से जाकिर उर्फ सुल्तान को दबोच लिया।
ठंडे पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर करते थे वारदात
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक जाकिर ने अपने भाई आसिफ के साथ मिलकर ई-रिक्शा चालकों को निशाना बनाने की बात कबूल की। आरोप है कि दोनों चालकों को ठंडे पेय में नशीला पदार्थ या गोलियां मिलाकर पिलाते थे और उनके बेहोश होने पर ई-रिक्शा व मोबाइल फोन लेकर फरार हो जाते थे। आकाश के मामले में भी इसी तरीके के इस्तेमाल का आरोप है। हालांकि, पदार्थ की वास्तविक प्रकृति और आकाश की मौत के कारणों की जांच जारी है।
रिश्तेदार के पास पहुंचाते थे चोरी के वाहन
पुलिस के अनुसार चोरी के बाद ई-रिक्शा की नंबर प्लेट बदल दी जाती थी और फिर उन्हें किराये पर चलाने के लिए दे दिया जाता था। इस नेटवर्क में कथित खरीदार के रूप में जाकिर और आसिफ का रिश्तेदार यूसुफ उर्फ भूरे भी शामिल था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जाकिर उर्फ सुल्तान (30), आसिफ (26) और यूसुफ उर्फ भूरे (39) के रूप में हुई है। जाकिर के खिलाफ भजनपुरा थाने में पहले भी मामला दर्ज है, जबकि आसिफ का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला। यूसुफ के खिलाफ जाफराबाद थाने में वर्ष 2011 का मामला दर्ज है।
बरामदगी ने खोली गिरोह की परतें
पुलिस ने मृतक आकाश का एक ई-रिक्शा, नौ अन्य संदिग्ध चोरी के ई-रिक्शा तथा 47 औजार, जिनमें पेचकस और एक ग्राइंडर शामिल हैं, बरामद किए हैं। पुलिस अब बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली टीम: एसीपी अमित इस्सर की निगरानी में इंस्पेक्टर महेंद्र प्रताप सिंह (एसएचओ), एसआई राहुल, हेड कांस्टेबल अजय, विकास, युधवीर, सुनील राठी और कांस्टेबल सुशील शामिल रहे।












